DNP India Hindi

Red Fort Blast: डॉक्‍टर उमर से लेकर पुलवामा और जैश-ए-मोहम्मद कनेक्शन तक,  लाल किला ब्लास्ट केस में क्या अहम सुराग मिले हैं? जानकर खौल उठेगा खून

Red Fort Blast (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Red Fort Blast (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Red Fort Blast: दिल्ली लाल किला कार ब्लास्ट मामले की गुत्थी अभी भी अनसुलझी है। बीते सोमवार को दिल्ली लाल किले के पास कार में धमाका क्यों हुआ? किसने इस घटना को अंजाम दिया? क्या इसमें कोई आतंकी संगठन शामिल था? जांच एजेंसियां ​​इन सवालों के जवाब तलाश रही हैं। 10 नवंबर की शाम 6:52 बजे राजधानी दिल्ली में लाल किले के पास सुभाष मार्ग ट्रैफिक सिग्नल पर एक हुंडई i20 कार में हुआ शक्तिशाली धमाका साफ तौर पर एक आत्मघाती हमले की ओर इशारा करता है।

बता दें कि सुरक्षा एजेंसियों ने अब संकेत दिया है कि हुंडई i20 कार में विस्फोटक लगाए गए थे और फिर उसमें विस्फोट किया गया। इन सबके बीच, यह अभी भी पता नहीं चल सका है कि आरोपी आतंकवादी डॉक्‍टर उमर मोहम्मद जिंदा है या नहीं। इस बीच, खबर सामने आई है कि उसकी मां और भाई को हिरासत में ले लिया गया है। कथित आरोपी आतंकवादी डॉक्‍टर उमर फरीदाबाद आतंकी मॉड्यूल में वांछित था। सुरक्षा एजेंसियों को दिल्ली लाल किला कार ब्लास्ट में फरीदाबाद आतंकी मॉड्यूल से संबंध होने का संदेह है। आइए जानते हैं कि लाल किला कार ब्लास्ट में दिल्ली पुलिस को अब तक कौन से अहम सुराग मिले हैं, जिनकी जांच अब तक चल रही है।

लाल किला ब्लास्ट में अब तक कौन से अहम सुराग मिले हैं? – Red Fort Blast

जैश-ए-मोहम्मद से कनेक्शन होने का संदेहलाल किला ब्लास्ट

सूत्रों के अनुसार, दिल्ली में बीते सोमवार शाम लाल किले के पास हुए कार बम विस्फोट के पीछे पाकिस्तानी आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद का हाथ होने का संदेह है। कार बम विस्फोट में जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े संगठनों के शामिल होने का शक बढ़ता जा रहा है। एजेंसियां ​​हर पहलू से मामले की जाँच कर रही हैं। इसके अलावा, जाँच एजेंसियां ​​इस घटना को आत्मघाती हमले के रूप में भी देख रही हैं। अगर ऐसा था, तो इसके पीछे कौन था? जाँच तेज़ी से चल रही है। जैश-ए-मोहम्मद हो या लश्कर-ए-तैयबा, आईईडी लगाना और कारों में विस्फोट करना पाकिस्तानी आतंकवादी संगठनों का एक मॉड्यूल रहा है। पुलवामा में भी आतंकवादियों ने इसी तरह का हमला किया था।

लाल किला ब्लास्ट: कब और कैसे हुआ हादसा?

मालूम हो कि 10 नवंबर की शाम 6:52 बजे राजधानी दिल्ली में लाल किले के पास सुभाष मार्ग ट्रैफिक सिग्नल पर एक हुंडई i20 कार में जोरदार धमाका हुआ। इस धमाके में कुछ राहगीर घायल हो गए और कई वाहन के क्षतिग्रस्त होने की खबरें सामने आई। आधिकारिक तौर साझा की गई जानकारी के मुताबिक इस घटना में अब तक नौ लोगों की मौत हो चुकी है और 20 अन्य घायल हुए हैं। जिन्हें एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलने के दस मिनट के भीतर ही दिल्ली क्राइम ब्रांच और दिल्ली स्पेशल ब्रांच की टीमें घटनास्थल पर पहुँच गईं और स्थिति को नियंत्रित करने के बाद बचाव और राहत कार्य अभियान शुरू कर दिया था।

इसके कुछ ही मिनटों बाद, एनएसजी और एनआईए की टीमें, एफएसएल के साथ मिलकर घटनास्थल पर गहन जाँच करती नज़र आईं। जिसके कुछ समय बाद अधिकारियों ने आसपास के सभी सीसीटीवी कैमरों की जाँच के आदेश दिए। बहरहाल, पुलिस और दूसरी एजेंसियां ​​इस बात की जांच कर रही हैं कि दिल्ली लाल किले के पास बीते सोमवार शाम 6:52 बजे कार ब्लास्ट कैसे हुआ।

ये भी पढ़ें: Red Fort Blast: दिल्ली लाल किला कार ब्लास्ट केस में पुलिस ने यूएपीए के तहत दर्ज किया केस, जानें क्या होती है ये धारा और कितने दिनों की मिलती है सजा

Exit mobile version