Vaibhav Sooryavanshi: शनिवार को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में एक बार फिर वैभव सूर्यवंशी की आंधी आई। युवा बैटर ने एक बार फिर अपने बल्ले से चौके-सिक्स की बरसात की और शानदार शतक मारा। इस तूफान से फिर रिकॉर्ड बने और कई क्रिकेट दिग्गजों ने जमकर इस खिलाड़ी की तारीफ की। मगर वंडर किड के तूफान पर विपक्षी टीम के 2 धुरंधरों ने पानी फेर दिया। जी हां, जहां एक तरफ, 15 साल के युवा बल्लेबाज ने 37 गेंदों में 103 रन बनाए। वहीं, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ने भी आतिशी पारी खेलकर अपनी टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
वैभव सूर्यवंशी ने अपनी धांसू पारी से बनाए कई रिकॉर्ड
युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने आरआर यानी राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ आईपीएल यानी इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास का तीसरा सबसे तेज शतक मारा। 15 साल के वंडर किड ने सिर्फ 36 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया। इस दौरान उन्होंने पारी के पहले ही ओवर में 4 सिक्स लगाए, जोकि एक रिकॉर्ड बन गया।
साथ ही युवा बैटर ने तीसरी बार 15 बॉलों पर अर्धशतक जमाया, जोकि रिकॉर्ड है। इसके अलावा, वंडर किड ने सिर्फ 15 पारियों में आईपीएल में 50 सिक्स पूरे किए। इससे पहले यह रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम पर था, जिन्होंने 50 सिक्स के लिए 21 इनिंग ली थी। वहीं, यह युवा बैटर पहला ऐसा भारतीय खिलाड़ी बन गया है, जिसने एक पारी में सबसे ज्यादा सिक्स लगाए हैं। वैभव ने अपनी शतकीय पारी के दौरान 12 छक्के लगाए।
वैभव सूर्यवंशी की तूफानी पारी गई बेकार, एसआरएच के बैटर्स ने उड़ाया गर्दा
उधर, मैच की दूसरी इनिंग में एसआरएच यानी सनराइजर्स हैदराबाद के बैटर्स का भी तूफान देखने को मिला। अभिषेक शर्मा ने 29 गेंदों में 57 रन बनाए। वहीं, ईशान किशन ने 31 बॉलों में 74 रनों की आतिशी इनिंग खेलकर अपनी टीम को जीत दिलाई। इस पारी के लिए ईशान को प्लेयर ऑफ दी मैच का अवार्ड भी मिला।
एसआरएच ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का फैसला लिया था। ऐसे में आरआर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 228 रन बनाए। मगर वैभव सूर्यवंशी की तूफानी पारी के बाद अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ने भी जबरदस्त इनिंग खेली और आखिर में नीतीश कुमार रेड्डी ने धाकड़ पारी खेलकर एसआरएच को 18.3 ओवर में ही 5 विकेट से जीत दिला दी।





