Amethi Viral Video: देश के विभिन्न हिस्सों में एलपीजी सिलेंडर की किल्लत साफ तौर पर सामने आ रही है। लोग गैस सिलेंडर लिए कतारबद्ध हैं और खूब अफरा-तफरी मच रही है। इस बीच यूपी के अमेठी जिले से एक बुजुर्ग पिता की बेबसी से जुड़ा वायरल वीडियो सामने आया है। अमेठी वायरल वीडियो में एक बुजुर्ग पिता अपनी बेटी की शादी (हल्दी) के दिन गैस सिलेंडर के लिए दर-दर भटकता नजर आ रहा है। बुजुर्ग की बेबसी इस कदर है कि इसे देख लोग दुख व्यक्त कर रहे हैं। अमेठी वायरल वीडियो में पीड़ित बुजुर्ग बता रहे हैं कि कैसे उन्हें सिलेंडर के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
एलपीजी शॉर्टेज के बीच बुजुर्ग पिता की बेबसी देख फट रहा कलेजा!
जिसके घर बिटिया की शादी हो, उसका मजबूर पिता गैस सिलेंडर के लिए दर-बदर की ठोकरे खाए। सोचिए कितना विभत्स दृश्य होगा ये। ऐसा ही अमेठी के एक परिवार के साथ हुआ।
रविंद्र के घर में कल शादी है। हलवाई आकर बैठ गया है। सिलेंडर नहीं मिल रहा। खाना कैसे बनें?
📍जिला अमेठी, यूपी @hindipatrakar pic.twitter.com/ssZqo65aRi— Sachin Gupta (@SachinGuptaUP) March 12, 2026
सचिन गुप्ता नामक एक्स हैंडल यूजर ने इससे जुड़ा अमेठी वायरल वीडियो पोस्ट किया है। वायरल वीडियो में रविन्द्र नाथ तिवारी नजर आ रहे हैं जिनके बिटिया की शादी है। बुजुर्ग पिता शादी की तैयारियां छोड़ गैस सिलेंडर के लिए कतारबद्ध हो रहे हैं। पहले उन्होंने बुकिंग के लिए मशक्कत झेली और अब एलपीजी शॉर्टेज की मार झेल रहे हैं। उन्होंने बताया कि हलवाई उनके घर आकर बैठ गया है, लेकिन गैस के अभाव में कुछ बन नहीं पा रहा। एजेंसी पर कतार लगाने के बावजूद वो गैस सिलेंडर हासिल करने में असफल रहे हैं। बुजुर्ग पिता की ये बेबसी लोगों को चुभ रही है।
गैस सिलेंडर की किल्लत से मची हाहाकार!
यूपी में लखनऊ से अमेठी, बाराबंकी, बदायूं, गोरखपुर समेत तमाम जिलों में एलपीजी गैस सिलेंडर की किल्लत साफ तौर पर नजर आई है। लोग कतारों में लगकर सिलेंडर के लिए जद्दोजहद करते नजर आए। तमाम ऐसे मीडिया रिपोर्ट्स सामने आ चुके हैं जिसमें लोगों को लाइन में लगकर गैस सिलेंडर के लिए इंतजार करते देखा गया है। कई जगहों पर अफरा-तफरी भी देखने को मिली है। ये दर्शाता है कि देश में मिडिल ईस्ट संघर्ष का प्रतिकूल असर किस हद तक पड़ा है। इसी बीच अमेठी से भी वायरल वीडियो सामने आया है जिसकी खूब चर्चा हो रही है।






