Bengaluru News: कांग्रेस का गढ़ कहे जाने वाले कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। आरोप के मुताबिक CET परीक्षा के दौरान बेंगलुरु के कृपानिधि कॉलेज में पांच ब्राह्मण छात्रों के जनेऊ उतरवाए गए। इतना ही नहीं, हिंदू छात्रों के हाथ से कलावा उतारवाने के आरोप भी लगे हैं जिसको लेकर खूब हो-हल्ला मचा है। कर्नाटक बीजेपी इस मामले को लेकर कांग्रेस के खिलाफ मुखर है। धार्मिक भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाते हुए बीजेपी राज्य सरकार को निशाने पर ले रही है। इससे पूर्व गत वर्ष शिवमोग्गा और बीदर जैसे जिलों में भी ऐसे मामले सामने आए थे।
सीईटी परीक्षा के दौरान छात्रों के जनेऊ और कलावा उतरवाने पर हो-हल्ला
परीक्षार्थी छात्रों का आरोप है कि बेंगलुरु शहर के मडिवाला स्थित कृपानिधि कॉलेज में आयोजित सीईटी परीक्षा के दौरान उनकी धार्मिक भावनाएं आहत की गईं। परीक्षा कक्ष में घुसने से पहले पांच ब्राह्मण परीक्षार्थियों के जनेऊ उतरवाए गए। इतना ही नहीं, कई हिंदू परीक्षार्थियों के अभिवावकों ने पर्यवेक्षकों पर कलावा उतरवाने के आरोप भी लगाए हैं। इसको लेकर पूरे कर्नाटक में हो-हल्ला मचा है। दावा किया जा रहा है कि शिवमोग्गा, बीदर और कुछ अन्य स्थानों पर हुई ऐसी घटनाओं से सबक लेते हुए सरकार जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर सकती है।
धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप लगाकर मुखर हुई बीजेपी
कर्नाटक में विपक्ष की भूमिका निभा रही बीजेपी इस पूरे प्रकरण को लेकर कांग्रेस सरकार पर हमलावर है। सूबे की विपक्षी दल इसे धार्मिक भावनाओं को आहत करने का प्रयास बता रही है। इसी क्रम में स्थानीय बीजेपी नेताओं ने मौके पर पहुंचकर नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन किया है। मालूम है कि गत वर्ष शिवमोग्गा और बीदर समेत कुछ इलाकों में ऐसे मामले सामने आने के बाद सरकार ने किसी भी परीक्षा के दौरान धार्मिक प्रतीकों से छेड़छाड़ न करने की बात कही थी। यही वजह है कि सरकार की सख्ती के बाद भी सीईटी परीक्षा के दौरान पर्यवेक्षकों पर लगे आरोप सुर्खियां बटोर रहे हैं।






