Sukhbir Singh Jaunapuria: सियासी गलियारों में राजस्थान से आए एक वायरल वीडियो की खूब चर्चा हो रही है। पूरा मामला सूबे की टोंक विधानसभा क्षेत्र से जुड़ा है। यहां एक कंबल वितरण कार्यक्रम के दौरान पूर्व बीजेपी सांसद सुखबीर सिंह जौनपुरिया ने कुछ ऐसा कह दिया कि सियासी संग्राम छिड़ गया है।
सुखबीर सिंह जौनपुरिया ने एक मुस्लिम महिला के हाथों से ये कहते हुए कंबल वापस लिया कि मोदी को गाली देने वालों को लेने का हक नहीं है। पूर्व बीजेपी सांसद का सीधा इशारा मुस्लिम समुदाय की ओर था जिसको लेकर प्रतिक्रियाओं का दौर शुरू है। कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने इस घटनाक्रम से जुड़ा वायरल वीडियो पोस्ट करते हुए गंभीर सवाल उठाए हैं।
पूर्व BJP सांसद Sukhbir Singh Jaunapuria ने मुस्लिम महिला से छीना कंबल!
टोंक में एक कंबल वितरण कार्यक्रम के दौरान स्थिति तब अजीब हो गई जब पूर्व सांसद सुखबीर सिंह जौनपुरिया ने मुस्लिम महिला के हाथ से कंबल छीन लिया। पूर्व बीजेपी सांसद ने मौके पर कहा कि मोदी को गाली देने वालों को लेने का कोई हक नहीं। सियासी गलियारों में उनके कहने का ये आशय निकाला गया कि मुस्लिम समुदाय पीएम मोदी को गाली देता है।
सचिन पायलट के विधानसभा क्षेत्र से आए इस वायरल वीडियो की चर्चा अब व्यापक तौर पर शुरू हो गई है। 2014 से 2024 तक राजस्थान की टोंक-सवाई लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व करने वाले नेता सुखबीर सिंह की आलोचना भी हो रही है। मुस्लिम महिला से कंबल वापस लेने से जुड़े प्रकरण में वे घिरते नजर आ रहे हैं।
पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने भी उठाए सवाल!
राजस्थान के विभिन्न हिस्सों में सुखबीर सिंह जौनपुरिया के इस कृत्य की चर्चा हो रही है। सूबे के पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने भी घटनाक्रम का जिक्र कर सुखबीर सिंह को निशाने पर लिया है।
BJP और RSS की मानवीय दृष्टिकोण और संवेदनाओं की व्याख्या में करुणा की बजाय नफरत झलकती है। एक गरीब, ज़रूरतमंद महिला को कंबल देने से वंचित करना और उसका अपमान करना बेहद निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण है। धर्म और जाति के आधार पर भेदभाव करना न केवल नैतिक रूप से गलत है, बल्कि संवैधानिक… pic.twitter.com/UyerEGK3gz
— Sachin Pilot (@SachinPilot) February 23, 2026
सचिन पायलट के एक्स हैंडल से पोस्ट जारी कर लिखा गया है कि “BJP और RSS की मानवीय दृष्टिकोण और संवेदनाओं की व्याख्या में करुणा की बजाय नफरत झलकती है। एक गरीब, ज़रूरतमंद महिला को कंबल देने से वंचित करना और उसका अपमान करना बेहद निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण है। धर्म और जाति के आधार पर भेदभाव करना न केवल नैतिक रूप से गलत है, बल्कि संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन भी है। दो बार सांसद रह चुके और क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके पूर्व सांसद सुखबीर सिंह जौनपुरिया जी से अपेक्षा थी कि वे मानवीय संवेदनशीलता दिखाते।”
इससे इतर भी तमाम अन्य नेता सुखबीर सिंह जौनपुरिया से जुड़ा वायरल वीडियो साझा कर सवाल दाग रहे हैं। इसमें इमरान प्रतापगढ़ी, टीकाराम जूली, इमरान मसूद समेत तमाम नेता शामिल हैं।
