Salim Vastik: पश्चिमी यूपी में ख्याति प्राप्त कर चुके एक यूट्यूबर जिंदगी और मौत के बीच लड़ाई लड़ रहे हैं। यहां बात एक्स मुस्लिम सलीम वास्तिक के संदर्भ में हो रही है जिन पर शुक्रवार की सुबह गाजियाबाद के लोनी की अली गार्डन कॉलोनी में जानलेवा हमला हुआ। अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने धारदार हथियार से सलीम वास्तिक के गर्दन और पेट पर वार किया।
इस जानलेवा हमले में यूट्यूबर बुरी तरह घायल हैं। उन्हें इलाज के लिए दिल्ली के GTB अस्पताल भर्ती कराया गया है। ध्यानार्थ रहे कि सलीम वास्तिक इस्लाम को विदेशी मजहब बताने के साथ हलाला को कुप्रथा करारा देते हुए विरोध कर चुके हैं। इस वजह से भी यूट्यूबर कट्टरपंथियों के निशाने पर रहे हैं। पुलिस इस प्रकरण में मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।
हलाला का विरोध करने वाले यूट्यूबर Salim Vastik पर जानलेवा हमला!
कई प्रतिष्ठित समाचार चैनलों पर डिबेट में अक्सर एक चेहरा दिखाई देता है जिसका परिचय सलीम वास्तिक के रूप में कराया जाता है। सलीम वास्तिक खुद को एक्स मुस्लिम बताते हुए इस्लाम को विदेशी मजहब करार दे चुके हैं। इससे इतर वे इस्लाम की होने वाली हलाला प्रथा का भी मुखर तौर पर विरोध कर चुके हैं। खबर है कि ऐसा करने वाले यूट्यूबर सलीम अब जिंदगी और मौत के बीच लड़ाई लड़ रहे हैं।
यूट्यूबर पर शुक्रवार की सुबह धारदार हथियारों से अज्ञात हमलावरों ने जानलेवा हमला किया। सलीम वास्तिक के पेट और गर्दन पर घाव गहरे हैं। खुद को एक्स मुस्लिम घोषित कर चुके सलीम वास्तिक को इलाज के लिए दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ‘सलीम वास्तिक 0007’ नाम से यूट्यूब चैनल संचालित करने वाले एक्स मुस्लिम की बेबाकी उनकी जान की दुश्मन बनती नजर आ रही है।
प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच को दी रफ्तार!
लोनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुए जानलेवा हमले को लेकर पुलिस अलर्ट पर है। यूट्यूबर सलीम वास्तिक के बेटे उस्मान ने अपने पिता पर हुए हमले के बाद कई लोगों पर नामजद मामला दर्ज कराया है। इसमें भाटी बिल्डर, एआईएमआईएम नेता अजगर, अशरफ, शाहरुख और सोनू शामिल हैं। इन सभी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
पुलिस यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर हुए हमले को लेकर अलर्ट पर है। लोनी एसीपी सिद्धार्थ गौतम ने कहा है कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। लगातार छापेमारी कर आरोपियों को पकड़ने की कवायद जारी है। इस मामले में एक-एक पहलुओं की जांच के आधार पर कार्रवाई कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाएगा।





