Uttarakhand News: जिस ‘मोहम्मद’ दीपक के मुरीद हुए राहुल गांधी, उनके खिलाफ FIR! कोटद्वार विवाद प्रकरण में नए ट्विस्ट ने खींचा ध्यान

Uttarakhand News: कोटद्वार विवाद प्रकरण में जिस 'मोहम्मद' दीपक की सराहना राहुल गांधी समेत अन्य कई दिग्गजों ने की थी। उनके खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज हुई है जिसको लेकर सनसनी मची है।

Uttarakhand News: पहाड़ों की चोटियों पर बसा पौड़ी गढ़वाल का कोटद्वार शहर अभी सुर्खियों में है। कोटद्वार में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं और ‘मोहम्मद’ दीपक समेत अन्य कुछ शख्स के बीच हुई जुबानी जंग के बीच पुलिस की एंट्री हो गई है। उत्तराखंड पुलिस ने कमल प्रसाद नामक शख्स की शिकायत के आधार पर जिम मालिक दीपक कुमार व अन्य के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने व हिंसा की धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है। यहां उसी दीपक कुमार का जिक्र हो रहा है जिनकी तारीफ राहुल गांधी ने की थी। कोटद्वार विवाद प्रकरण में इस नए ट्विस्ट ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया है।

कोटद्वार विवाद प्रकरण में ‘मोहम्मद’ दीपक के खिलाफ प्राथमिकी

पुलिस ने कमल प्रसाद नामक शख्स की शिकायत के आधार पर ‘मोहम्मद’ दीपक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। दीपक कुमार पर अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल के साथ हिंसा की धमकी देने का आरोप है। पुलिस ने कोटद्वार में हुई झड़प प्रकरण में विरोध प्रदर्शन में शामिल 30-40 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है। वहीं वकील अहमद की शिकायत पर गाली-गलौज और जातिवादी भाषा का इस्तेमाल करने और सार्वजनिक शांति भंग करने के आरोप में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ एक और मामला दर्ज हुआ है। जिस दीपक कुमार के इंसानियत की चर्चा लोग कर रहे हैं, उनके खिलाफ एफआईआर ने लोगों का ध्यान खींचा है।

राहुल गांधी भी कर चुके हैं दीपक कुमार की तारीफ!

नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी कोटद्वार विवाद प्रकरण के बाद दीपक कुमार की तारीफ की थी।

एलओपी ने उत्तराखंड निवासी दीपक को भारत का हीरो बताते हुए उन्हें उस संविधान से लड़ने वाला बताया जिसे बीजेपी और संघ परिवार रोज रौंदने की साजिश कर रहे हैं। दरअसल, दीपक कुमार ने 28 जनवरी को कोटद्वार में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं द्वारा मुस्लिम दुकानदार से अपनी दुकान का नाम बदलने की मांग पर बहस की। हिंदू संगठन ने जब मुस्लिम दुकानदार के ‘बाबा स्कूल ड्रेस एंड मैचिंग सेंटर’ का जिक्र कर आपत्ति जताई, तो जिम मालिक सामने आए और खुद का नाम मोहम्मद दीपक बताया। इसके बाद दोनों गुट के बीच बहस हुई और मामला पुलिस तक पहुंचा। पुलिस अब शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई को रफ्तार दे रही है।

Exit mobile version