Assembly Election Results 2026: वर्ष 2026 में संपन्न हुए विधानसभा के चुनाव बीजेपी के लिए बेहद खास रहे हैं। बीजेपी अपनी बदौलत बंगाल में पहली बार सरकार बनाने में कामयाब रही है। असम और पुदुचेरी में भी एनडीए का शानदार प्रदर्शन रहा है।
तमिलनाडु और केरल जैसे अभेद किला में जाकर भी बीजेपी एक अच्छा वोट हासिल कर पाने में कामयाब रही है। इस जीत के बाद भविष्य को लेकर तमाम तरह के सवाल उठ रहे हैं। बीजेपी की पैठ देश में और मजबूत हुई है। पूछा जा रहा है कि क्या बीजेपी 2029 में अब अपने 400 पार वाले सपने को पूरा कर पाएगी?
केरल में 2 सीट, बंगाल में बंपर जीत, तो तमिल में मजबूत पकड़!
विधानसभा चुनाव 2026 के परिणाम के बाद दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर स्थित बीजेपी हेडक्वार्टर में खूब चहल पहल है। केरल में बीजेपी दो सीटों (कजहक्कूट्टम, चथन्नूर) पर चुनाव जीत गई है। नेमोम से राजीव चंद्रशेखर जीत की ओर बढ़ रहे हैं। खबर लिखे जाने तक पश्चिम बंगाल में 189 सीटों पर बीजेपी उम्मीदवार आगे हैं, जबकि 9 पर पार्टी को बढ़त हासिल है।
ये संख्या कुल 198 हुई जो बहुमत से कहीं अधिक है। बंगाल से इतर तमिलनाडु में भी बीजेपी की पकड़ मजबूत होती नजर आ रही है। यहां बीजेपी 3.02 फीसदी वोट शेयर के साथ 3 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। असम में भी बीजेपी 22 सीटें जीत चुकी है, जबकि 60 पर उम्मीदवारों को निर्णायक बढ़त हासिल है। पुदुचेरी में भी एनडीए गठबंधन 18 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। ये बीजेपी की मजबूत पकड़ को दर्शाता है।
क्या 2029 में 400 पार के लिए तैयार BJP?
इस सवाल का पुख्ता जवाब भविष्य के गर्भ में है। हां ये जरूर है कि 2024 लोकसभा चुनाव में बीजेपी जिन राज्यों में चूक गई थी उनमें तमिलनाडु, केरल, बंगाल का नाम प्रमुख था। अब बंगाल में पार्टी बंपर बहुमत के साथ सरकार बनाने की स्थिति में है। केरल और तमिलनाडु में भी क्रमश: 11.44 फीसदी और 3.02 फीसदी वोट शेयर के साथ पार्टी की पकड़ मजबूत हुई है।
ऐसे में सभव है कि आगे किसी भी चुनाव में इन राज्यों में बीजेपी का प्रदर्शन सुधरे। विधानसभा चुनाव 2026 संपन्न होने के बाद असम, पुदुचेरी, बंगाल, तमिलनाडु और केरल में 2029 में लोकसभा चुनाव होने की संभावना ही है। यही वजह है कि हिंदी पट्टी राज्यों में शानदार प्रदर्शन करने वाली बीजेपी के 400 सीट पार करने की संभावना से जुड़े सवाल उठ रहे हैं।






