Bengal Assembly Election 2026: मतदान की तिथि नजदीक आने के साथ बंगाल की सियासत और दिलचस्प होती जा रही है। ममता बनर्जी मुखरता के साथ केन्द्र पर हमलावर हैं। उन्होंने चुनाव आयोग को भी अपना प्रतिद्वंदी मानते हुए जमकर निशाना साधा है। बीजेपी के साथ चुनाव आयोग पर निशाना साध रही ममता बनर्जी जनता को क्या संदेश देना चाहती हैं?
ये सवाल तेजी से उठ रहे हैं। इस बीच नजरें हाई प्रोफाइल भवानीपुर विधानसभा सीट पर टिकीं हैं। यहां सीएम ममता और सुवेंदु अधिकारी के बीच टक्कर है। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि भवानीपुर की जनता किसके पक्ष में जनादेश देती है। सुवेंदु अधिकारी नंदीग्राम की तरह विजेता साबित होती हैं, या मुकाबला बंगाल सीएम के पक्ष में जाता है।
BJP के साथ ECI पर निशाना साध जनता को क्या संदेश दे रहीं CM ममता?
ममता बनर्जी के आक्रामक रुख ने बंगाल के सियासी समीकरण को बदल दिया है। सीएम ममता ने केन्द्रीय बलों पर अपनी कार चेक करने के आरोप लगाए। उन्होंने चुनाव आयोग को ललकारते हुए पीएम मोदी की गाड़ी चेक करने की बात कही है। ये दर्शाता है कि ममता बनर्जी चुनाव आयोग से किस हद तक खफा है। वे लोगों के बीच आयोग पर आरोप लगा रही हैं।
मुख्यमंत्री की कोशिश है कि बंगाल की जनता के बीच चुनाव आयोग और बीजेपी के सांठगांठ का संदेश पहुंचे। वे इस दिशा में प्रयासरत हैं। वे चुनाव आयोग को शक के नजरिए से देखने के साथ जनता के बीच केन्द्र द्वारा सरकारी संस्थानों के दुरुपयोग का संदेश देना चाहती हैं। वे इस मुहिम में कितना सफल या असफल होंगी ये 4 मई को नतीजों की घोषणा के साथ स्पष्ट होगा।
हाई प्रोफाइल भवानीपुर विधानसभी सीट पर टिकीं नजरें!
बंगाल के साथ देश के विभिन्न हिस्सों के लोगों की नजरें फिलहाल सूबे की हाई प्रोफाइल भवानीपुर सीट पर टिकीं हैं। यहां से बीजेपी ने अपने फायरब्रांड नेता सुवेंदु अधिकारी को चुनावी मैदान में उतारा है। सुवेंदु अधिकारी इससे पूर्व 2021 विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम से ममता बनर्जी को हरा चुके हैं। बीजेपी इस बार भी मुख्यमंत्री को पस्त करना चाहती है।
हालांकि, ऐसा करना इतना भी आसान नहीं होने वाला है। ममता बनर्जी की पकड़ महिला मतदाताओं के साथ फर्स्ट टाइम वोटर्स में भी है। वे अपनी योजनाओं का जिक्र कर लोगों के बीच पहुंच रही है। भवानीपुर का समीकरण शुरू से टीएमसी के पक्ष में रहा है। ऐसे में ये देखना दिलचस्प होगा कि यहां ममता बनर्जी का जादू चलता है, या बीजेपी झंडा फहराने में कामयाब होती है।
