Mamata Banerjee: चुनावी दहलीज पर खड़े पश्चिम बंगाल में सियासी उठा-पटक का दौर जारी है। कभी एसआईआर के नाम पर कोलकाता में संग्राम छिड़ता है, तो कभी ईडी रेड सुर्खियों में रहता है। अब हाल-फिलहाल की बात करें तो आरएन रवि का नया राज्यपाल बनकर कोलकाता पहुंचना सीएम ममता बनर्जी को खटक सा रहा है।
बंगाल विधानसभा चुनाव से ठीक पहले सीवी आनंद बोस का इस्तीफा स्वीकार कर तमिलनाडु के गवर्नर रहे आरएन रवि को कोलकाता राजभवन भेजा गया। इसको लेकर ममता बनर्जी नाराज बताई जा रही हैं। उन्होंने खुलकर असंतोष व्यक्त किया है। ममता बनर्जी ने पूर्व राज्यपाल सीवी आनंद बोस से मुलाकात भी की है जिसको लेकर कोलकाता में चर्चाओं का दौर जारी है।
पूर्व राज्यपाल सीवी आनंद बोस से Mamata Banerjee की मुलाकात!
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल रहे सीवी आनंद बोस से ममता बनर्जी ने मुलाकात की है। इस मुलाकात की तस्वीर खुद मुख्यमंत्री के हैंडल से साझा की गई है।
After concluding our five-day dharna at Dharmatala, I took a moment to personally meet C. V. Ananda Bose, the Hon’ble Ex Governor of West Bengal, ahead of his departure tomorrow.
Dr. Bose is an erudite and distinguished individual, and during his tenure I had the opportunity to… pic.twitter.com/EZiBPeaWF2
— Mamata Banerjee (@MamataOfficial) March 10, 2026
सीएम ममता बनर्जी लिखती हैं कि “धर्मतला में पांच दिवसीय धरना समाप्त करने के बाद, मैंने पूर्व राज्यपाल सीवी आनंद बोस से मिलने का अवसर प्राप्त किया। डॉ बोस एक विद्वान और प्रतिष्ठित व्यक्ति हैं, और उनके कार्यकाल के दौरान मुझे राज्य और यहां की जनता के कल्याण और प्रगति से संबंधित मामलों पर उनसे विचार-विमर्श करने का अवसर मिला। मैंने इन मुलाकातों को हमेशा महत्व दिया है। मुझे विश्वास है कि अपनी बुद्धिमत्ता और अनुभव से वे आने वाले दिनों में जो भी जिम्मेदारी ग्रहण करेंगे, उसे बखूबी निभाएंगे।”
कोलकाता में हुई इस मुलाकात को लेकर सियासी उठा-पटक का दौर भी जारी है। तमाम तरह की प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं जो बंगाल के सियासी गलियारों का तापमान बढ़ा रही हैं।
चुनाव से पहले राज्यपाल फेरबदल पर संग्राम!
टीएमसी का गढ़ माने जाने वाला बंगाल चुनावी दहलीज पर खड़ा है। इसी वर्ष अप्रैल-मई में बंगाल विधानसभा चुनाव हो सकते हैं। उससे ठीक पहले तेलंगाना, हिमाचल, बिहार, तमिलनाडु, केरल समेत कुछ अन्य राज्यों के साथ बंगाल के राज्यपाल भी बदले गए हैं। तमिलनाडु के गवर्नर रहे आरएन रवि को नया राज्यपाल बनाकर कोलकाता राजभवन भेजा गया है।
सूबे में चुनाव से ठीक पहले हुए इस फेरबदल को लेकर ममता बनर्जी ने रोष व्यक्त किया है। सीएम ममता ने गृह मंत्री अमित शाह पर नए राज्यपाल की नियुक्ति से पूर्व चर्चा न करने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने सीवी आनंद बोस का कार्यकाल पूरा करने की वकालत करते हुए इस फेरबदल को अलोकतांत्रिक बताया है। इसको लेकर बंगाल का सियासी पारा चढ़ता नजर आ रहा है।
