Assam Elections 2026 में चर्चा का ‘केन्द्र बिंदु’ बने पवन खेड़ा! दिल्ली आवास पर पुलिस की दस्तक से मचा घमासान; फ्रंटफुट पर CM हिमंता

Assam Elections 2026 के लिए जारी प्रचार-प्रसार के बीच कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा चर्चा का केन्द्र बिंदु बन गए हैं। दरअसल, पवन खेड़ा के दिल्ली आवास पर असम पुलिस की दस्तक होने की खबर है जिसको लेकर सूबे का सियासी तापमान चढ़ता नजर आ रहा है।

Assam Elections 2026

Picture Credit: गूगल (पवन खेड़ा & हिमंता बिस्वा सरमा - सांकेतिक तस्वीर)

Assam Elections 2026: राजधानी गुवाहाटी से सिलचल, जोरहाट समेत असम के तमाम शहरों में कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा की चर्चा है। पवन खेड़ा ही वो सख्श हैं जिन्होंने असम विधानसभा चुनाव 2026 के लिए जारी प्रचार-प्रसार के बीच सीएम हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए थे।

पवन खेड़ा ने दावा किया कि रिनिकी भुइंया के पास तीन देशों का पासपोर्ट है। इसको लेकर सियासी घमासान छिड़ा और आज अंतत: असम पुलिस राजधानी दिल्ली में स्थित पवन खेड़ा के आवास पर पहुंच गई। इसको लेकर नए सिरे से घमासान छिड़ गया है और सीएम हिमंता फ्रंटफुट पर हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि आगे क्या होता है।

पवन खेड़ा के दिल्ली आवास पर पुलिस की दस्तक से मचा घमासान!

कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा के दिल्ली स्थित आवास पर आज असम पुलिस की दस्तक हुई। दरअसल, खेड़ा ने सीएम हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी के पास फर्जी पासपोर्ट होने का दावा किया है। इसको लेकर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई है। इसी सिलसिले में असम पुलिस की एक यूनिट दिल्ली पुलिस के साथ पवन खेड़ा के घर पहुंची थी। इसको लेकर हलचल तेज है।

वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने इसकी आलोचना की है। उनका कहना है कि “जनहित में बुनियादी सवाल पूछने पर मेरे सहयोगी पवन खेड़ा को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस अधिकारियों की पूरी फौज तैनात करना यह साबित करता है कि असम के मुख्यमंत्री परेशान, हताश और भयभीत हैं। यह उचित नहीं है, बल्कि एक तरह की बदले की कार्रवाई है। जो लोग डराते-धमकाते हैं, वे असल में डरे हुए होते हैं और उनके पास छिपाने के लिए बहुत कुछ होता है।”

जयराम रमेश ने कहा कि “यह इस बात का भी प्रमाण है कि मुख्यमंत्री को आसन्न हार का सामना करना पड़ रहा है।” जयराम रमेश से इतर तमाम अन्य कांग्रेसी नेता भी सीएम हिमंता बिस्वा सरमा को निशाने पर लेते हुए पुलिस कार्रवाई को कटघरे में खड़ा कर रहे हैं। इसे लोकतंत्र में आवाज कुचलने की संज्ञा दी जा रही है।

विपक्षी दल के प्रवक्ता के आरोपों को लेकर फ्रंटफुट पर CM हिमंता

असम विधानसभा चुनाव 2026 के लिए जारी प्रचार-प्रसार का आज अंतिम दिन है। 9 अप्रैल को राज्य की सभी 126 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा। चुनाव के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे। उससे पूर्व विपक्ष के आरोपों को लेकर सीएम हिमंता बिस्वा सरमा फ्रंटफुट पर हैं। मुख्यमंत्री ने खुले मंच से पवन खेड़ा का पेड़ा बनाने, उन्हें गंदा आदमी कहते हुए कथित तौर पर उनके खिलाफ अपशब्द का इस्तेमाल भी किया है।

मुख्यमंत्री का साफ कहना है कि पवन खेड़ा के सभी आरोप निराधा हैं। सीएम हिमंता की मानें तो कांग्रेस ने ये प्रयास उनकी छवि को धूमिल करने और अपनी चुनावी संभावनाओं को बेहतर करने के लिए किया है। इसका जिक्र करते हुए वे पवन खेड़ा के खिलाफ कार्रवाई की बात कह रहे हैं। इन सबके बीच पवन खेड़ा दिल्ली से इतर असम की सियासी में भी चर्चा का केन्द्र बिंदु बन चुके हैं।

Exit mobile version