Ajinkya Rahane: आईपीएल मतलब क्रिकेट का सबसे बड़ा रोमांच, वैसे आईपीएल को इंडियन प्रीमियर लीग कहते हैं। बीते मैच में केकेआर यानी कोलकाता नाइट राइडर्स एक बार फिर हार गई। जी हां, जीटी यानी गुजरात टाइटंस के साथ अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। इस मुकाबले को जीटी ने 5 विकेट से जीत लिया। मगर मैच के बाद केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने जो कहा, उसने इंटरनेट पर धमाल मचा दिया। मुकाबला हारने के बाद केकेआर की टीम थोड़ी नाखुश दिखी, मगर प्रेस कॉन्फ्रेंस में रहाणे ने ऐसा जवाब दिया, जो चर्चा का विषय बन गया।
अजिंक्य रहाणे ने दिया धाकड़ जवाब
दरअसल, मुकाबले के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में केकेआर के कैप्टन अजिंक्य रहाणे को एक रिपोर्टर ने बधाई देते हुए कहा, ‘सबसे पहले, आपकी कड़ी मेहनत के लिए बधाई।’ जिस पर रहाणे ने एक जबरदस्त जवाब दिया। केकेआर के कप्तान ने मुस्कुराहट और साफ आवाज के साथ जवाब दिया, ‘बहुत-बहुत धन्यवाद, मैम। धन्यवाद। आखिरकार किसी ने मेरी कड़ी मेहनत की तारीफ की है।’
केकेआर कैप्टन ने आगे कहा, ‘मैम, हर दिन कुछ न कुछ सीखने को मिलता है। चाहे हम जीतें या हारें, मुझे लगता है कि हर दिन जब हम मैदान पर उतरते हैं, चाहे वह कोई मैच हो या प्रैक्टिस सेशन, तो उसका मकसद सिर्फ सीखना ही होता है। इस मैच से और पिछले पांच मैचों से हमने यही सीखा है कि एक टीम के तौर पर, चाहे हम बैटिंग यूनिट हों या बॉलिंग यूनिट, हमें मैच के अहम पलों को अपने पक्ष में करना होगा। टी20 फॉर्मेट में असल बात यही है कि आप उन अहम पलों को कैसे जीतते हैं। यहां-वहां का एक भी अच्छा ओवर पूरे मैच का रुख बदल सकता है।’
कप्तान अजिंक्य रहाणे जीरो के स्कोर पर हुए आउट
वहीं, मैच की बात करें, तो केकेआर ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का निर्णय लिया। ऐसे में केकेआर की टीम 20 ओवरों में 10 विकेट खोकर 180 रन ही बना सकी। इस दौरान कप्तान अजिंक्य रहाणे खाता भी नहीं खोल सके और पहली बॉल पर ही शून्य के स्कोर पर आउट हो गए। ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन ने 55 गेंदों में 79 रनों की पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 4 सिक्स निकले। जीटी की तरफ से कगिसो रबाडा ने 3 विकेट लिए। जबकि मोहम्मद सिराज ने 2 विकेट झटके।
उधर, जीटी ने 181 रनों का पीछा करते हुए 5 विकेट पर स्कोर को हासिल कर लिया। शुभमन गिल की अगुवाई वाली जीटी 5 विकेट से मुकाबला जीत गई। शुभमन गिल को ‘प्लेयर ऑफ दी मैच’ का खिताब मिला। ऐसे में केकेआर अभी तक आईपीएल 2026 में 6 मैच खेल चुकी है, मगर कोई भी मुकाबला जीत नहीं सकी है।
