क्या सितारों के बोझ से दब गई है मुंबई इंडियंस की टीम? Hardik Pandya की कप्तानी पर फेमस क्रिकेट कमेंटेटर ने दिया चौंकाने वाला बयान

Hardik Pandya: आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस का सफर लगभग समाप्त हो चुका है। ऐसे में टीम के कप्तान हार्दिक पांड्या पर लोकप्रिय क्रिकेट कमेंटेटर हर्षा भोगले ने बड़ा बयान दिया है।

Hardik Pandya

Photo Credit: Google

Hardik Pandya: आईपीएल यानी इंडियन प्रीमियर लीग में 5 बार की चैंपियन एमआई यानी मुंबई इंडियंस के करोड़ों फैन्स हैं। हो सकता है कि आप भी इस टीम के प्रशंसक हो, इस टीम में एक से बढ़कर एक नामी सूरमा सितारे हैं। मगर इस बार मुंबई की टीम को क्या हो गया है? एमआई की टीम लगभग प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई है। मगर अभी भी कुछ उम्मीदें जीवित हैं। ऐसे में सवाल है कि क्या मुंबई की टीम ढेर सारे सितारों के बोझ तले दब गई है? टीम के कप्तान हार्दिक पांड्या की रणनीति पर कई क्रिकेट एक्सपर्ट सवाल उठा रहे हैं। इसमें भारत के मशहूर कमेंटेटर हर्षा भोगले भी शामिल है।

हार्दिक पांड्या की कप्तानी पर कमेंटेटर हर्षा भोगले ने साधा तीखा निशाना

लोकप्रिय क्रिकेट पत्रकार और कमेंटेटर हर्षा भोगले ने एक्स यानी ट्विटर पर लिखा, ‘मुझे यह मानना ​​पड़ेगा कि मैंने मुंबई इंडियंस जैसी सितारों से सजी टीम को इस तरह बिखरते हुए कभी नहीं देखा। इसका एकमात्र संभावित संकेत यह हो सकता था कि बुमराह को छोड़कर, बाकी खिलाड़ियों का T20WC में प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था। लेकिन कोई भी इसकी भविष्यवाणी नहीं कर सकता था। मैंने अपने YT चैनल पर एक परिकल्पना के बारे में जोर से सोचा था कि आधुनिक T20 क्रिकेट में ‘प्रतिष्ठा’ एक बोझ बनती जा रही है, और यह इसका एक संभावित कारण हो सकता है।’

उन्होंने कहा, ‘मुझे नहीं पता कि टीम के भीतर की सभी शक्तियां एक साथ थीं या नहीं, लेकिन यह भी एक कारण हो सकता है। और हार्दिक पांड्या को कप्तान बनाने का प्रयोग अब 3 साल पुराना हो चुका है, और इसने सिर्फ एक बार ही प्लेऑफ तक पहुंचाया है, तो शायद वहां कुछ ठीक से काम नहीं कर रहा है। लेकिन मुझे पूरा यकीन है कि किसी ने भी यह नहीं सोचा होगा कि MI प्लेऑफ तक नहीं पहुंच पाएगी।’

हार्दिक पांड्या समेत कई नामचीन खिलाड़ी, मगर फिर भी टीम फुस्स

गौरतलब है कि हार्दिक पांड्या की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस में रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बोल्ट और क्विंटन डी कॉक जैसे इंटरनेशनल खिलाड़ी शामिल हैं। इसके बाद भी एमआई की टीम जीत के लिए संघर्ष कर रही है। एमआई की टीम में कोई भी बैटर और बॉलर अपने नाम के मुताबिक धाकड़ प्रदर्शन नहीं कर सका है।

हार्दिक पांड्या की टीम ने अभी तक 9 मैच खेले हैं, जिसमें से 2 मुकाबलों में जीत हासिल है, जबकि 7 मुकाबलों में हार मिली है। इस तरह से एमआई की टीम के 4 अंक हैं। टीम को अभी 5 मैच खेलने हैं, ऐसे में सभी मुकाबले जीतने के बाद भी एमआई 14 अंकों तक ही पहुंच पाएगी। मगर 14 अंकों के साथ प्लेऑफ में पहुंचना काफी कठिन है।

Exit mobile version