Pakistan: 8 मार्च को टीम इंडिया ने अपने शानदार प्रदर्शन से न्यूजीलैंड को हरा दिया और लगातार दूसरी बार टी20 विश्वकप का खिताब जीत लिया। इसके बाद भारतीय प्रशंसकों के बीच खुशी की लहर दौड़ पड़ी। दुनियाभर के क्रिकेट दिग्गजों ने भारतीय टीम को बधाई देते हुए शानदार खेल प्रदर्शन की तारीफ की। वहीं, पाकिस्तान के कई पूर्व दिग्गजों ने अपनी टीम को भारत से सीखने की सलाह दी। साथ ही अपनी टीम के निराशाजनक प्रदर्शन पर जमकर लताड़ लगाई। पाकिस्तान के पूर्व कप्तान राशिद लतीफ ने बड़ा बयान दिया है।
Pakistan के पूर्व खिलाड़ी ने राष्ट्रीय टीम के प्रदर्शन पर साधा निशाना
‘NDTV’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान के पूर्व कप्तान राशिद लतीफ ने हाल ही में खत्म हुए टी20 वर्ल्ड कप में राष्ट्रीय टीम के खराब प्रदर्शन पर तीखा हमला बोला है। साथ ही पीसीबी यानी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड पर भी निशाना साधा।
राशिद लतीफ ने कहा, ‘जहां पाकिस्तान के डीएनए में हारना है, वहीं भारत ने हाल के दिनों में आईसीसी इवेंट्स में अपने बेहतरीन प्रदर्शन को एक आदत बना लिया है।’ उन्होंने भारत की तारीफ करते हुए कहा, ‘टॉस हारने के बाद भी उन्होंने 250 रन बनाए। कोई भी उनकी बराबरी नहीं कर पाएगा। उन्होंने यह सब रातों-रात नहीं किया है; यह पिछले लगभग 10 सालों की उनकी कड़ी मेहनत का नतीजा है। पिछले आईसीसी इवेंट्स या एशिया कप को देखिए।’
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान ने पीसीबी पर कसा तंज
पूर्व कप्तान राशिद लतीफ ने आगे कहा, ‘भारत के डीएनए में ट्रॉफियां जीतना है, और हमारे डीएनए में नॉकआउट से पहले ही हार जाना है। उनके डीएनए में फाइनल खेलना और जीतना है।’ पीसीबी की आलोचना करते हुए पूर्व पाक कप्तान ने खिलाड़ियों के कॉन्ट्रैक्ट के कुप्रबंधन को लेकर पीसीबी पर भी तंज कसा और उसे एक कमजोर बोर्ड बताया।’ उन्होंने कहा, ‘कमजोर बोर्ड ही ऐसा करते हैं। जब आप कोई कॉन्ट्रैक्ट साइन करते हैं, तो उसमें सब कुछ होता है। उसमें जुर्माने और इनाम का भी जिक्र होता है।’
मालूम हो कि भारत ने टी20 विश्वकप के फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड के खिलाफ टॉस हारने के बाद 255 रन बनाए थे। इस दौरान भारत की तरफ से संजू सैमसन, ईशान किशन, अभिषेक शर्मा और शिवम दुबे ने शानदार पारियां खेली थी। वहीं, न्यूजीलैंड की पूरी टीम 256 रनों का पीछा करते हुए 159 रन पर ढेर हो गई थी। इस तरह से भारत 96 रनों से टी20 विश्वकप फाइनल मैच जीत गया था।
