Rishabh Pant: आईपीएल यानी इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में बीता दिन सुपर संडे साबित हुआ। दिन के दूसरा मुकाबला एलएसजी यानी लखनऊ सुपर जायंट्स और केकेआर कोलकाता नाइट राइडर्स के मध्य खेला गया। लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में इस सीजन का पहला सुपरओवर हुआ। मैच शुरू होने से पहले किसी ने नहीं सोचा होगा कि एक एवरेज स्कोर के बाद सुपरओवर देखने को मिलेगा। मगर एलएसजी के खिलाड़ी मोहम्मद शमी का एक सिक्स और पूरा मुकाबला ही बदल गया। ऐसे में एलएसजी के कप्तान ऋषभ पंत और कोच जस्टिन लैंगर की काफी आलोचना हो रही है।
कप्तान ऋषभ पंत और एलएसजी कोच की रणनीति हुई असफल
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर और एलएसजी कोच जस्टिन लैंगर ने सुपरओवर में निकोलस पूरन का चुनाव करने पर कहा, ‘हमें पता था कि सुनील नरेन गेंदबाजी करेंगे और अगर आप निकी का रिकॉर्ड देखें, तो उन्होंने दुनिया के क्रिकेट में किसी भी और खिलाड़ी के मुकाबले सुनील नरेन का सबसे ज्यादा सामना किया है। इसलिए हमें लगा कि वह अब भी सबसे अच्छा विकल्प हैं।’
उन्होंने आगे कहा, ‘मुझे पता है कि वह अभी तक अपनी फॉर्म में नहीं आए हैं, और निकी खुद भी यह बात सबसे पहले मानेंगे, लेकिन हमें लगा कि अगर कोई ‘सुपर ओवर’ को संभाल सकता है, तो वह निकी पूरन ही हैं। आप अपने सबसे बेहतरीन खिलाड़ियों पर ही तो भरोसा करते हैं, है ना? आप यही तो करते हैं। इसलिए, भले ही उन्हें थोड़ी मुश्किल हुई हो, लेकिन अगर आप सारे आंकड़े देखें, तो दुनिया के बेहतरीन ऑफ-स्पिनर सुनील नरेन को निकी से बेहतर कोई नहीं खेलता। बदकिस्मती से, इस बार बात नहीं बनी।’ वहीं, एलएसजी कप्तान ऋषभ पंत भी सुपरओवर में कुछ खास नहीं कर सके।
सुपरओवर में नहीं चला ऋषभ पंत का बल्ला
दरअसल, जब एलएसजी बनाम केकेआर मुकाबला सुपरओवर में पहुंचा, तो लखनऊ के कप्तान ऋषभ पंत और कोच जस्टिन लैंगर ने बल्लेबाजी के लिए निकोलस पूरन और एडम मार्करम को चुना। ऐसे में केकेआर के धुरंधर स्पिन बॉलर सुनील नारायण के सामने दोनों ही बैटर कोई शॉट नहीं खेल सके और आउट हो गए। ऐसे में सिर्फ ऋषभ पंत ही 1 गेंद पर 1 रन बना सके। जिसके चलते केकेआर को सुपरओवर में जीतने के लिए 2 रनों की जरूरत थी।
ऐसे में रिंकू सिंह ने पहली ही गेंद पर चौका मारकर केकेआर को जीत दिला दी। पहली पारी में रिंकू सिंह ने 51 गेंदों में 83 रनों की धमाकेदार पारी खेली थी। ऐसे में उन्हें ‘प्लेयर ऑफ दी मैच’ का अवार्ड मिला। बता दें कि एलएसजी की टीम ने अब तक 8 मुकाबले खेल लिए हैं, जिसमें से सिर्फ 2 मैच जीते हैं, जबकि 6 में हार मिली है। टीम प्वॉइट्स टेबल में सबसे नीचे 10वें नंबर पर पहुंच गई है।
