Nepal Flood: नेपाल में आई भीषण बाढ़ ने हजारों परिवारों को खत्म कर दिया। सोशल मीडिया पर कई ऐसे वीडियो वायरल हो रहे है, जिसे देख दिल पूरी तरह से दहल जा रहा है। गौरतलब है कि अभी तक 900 से अधिक शवों को बरामद किया जा चुका है और अभी भी कई हजार लोग लापता है।
हालांकि यह महज एक सरकार आंकड़ा है। माना जा रहा है कि तबाही और अधिक हुई है। मालूम हो कि 26 अगस्त को आई भीषण बाढ़ ने नेपाल में भयंकर तबाही मचाई। दूर-दूर तक किसी ने नहीं सोचा था कि तबाही का मंजर इतना भयंकर होगा। चलिए आपको बताते है इससे जुड़े लेटेस्ट अपडेट
Nepal Flood में 900 से अधिक शव बरामद
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अधिकारियों से मिली ताज़ा जानकारी के अनुसार, सोमवार तक नेपाल-तिब्बत सीमावर्ती इलाके में पिछले हफ़्ते आई अचानक बाढ़ की आपदा में मरने वालों की संख्या 900 से ज़्यादा हो गई है, और 4,700 से ज़्यादा लोग लापता बताए जा रहे हैं। वहीं राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है।
दरअसल ये तबाही हिमालयी क्षेत्र में ग्लेशियर के ढहने के बाद शुरू हुई। ग्लेशियर से भारी मात्रा में बर्फ, चट्टान और मलबा नीचे आया, जिससे अचानक बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई। तेज बहाव ने नदियों के आसपास के इलाकों, सड़कों, पुलों और कई बुनियादी ढांचों को तबाह कर दिया।
हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट्स की सुरंगों में फंसे सैकड़ों लोग
बाढ़ की सबसे बड़ी चिंता हाइड्रोपावर परियोजनाओं में काम करने वाले लोगों को लेकर है। कई सुरंगों में पानी और मलबा भर जाने के कारण सैकड़ों कर्मचारी अंदर फंस गए हैं। रिपोर्टों के मुताबिक करीब 900 हाइड्रोपावर कर्मचारी लापता हैं और लगभग 500 लोगों के सुरंगों में फंसे होने की आशंका है। बचाव दल भारी मशीनों और नियंत्रित विस्फोटों की मदद से सुरंगों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि अभी तक कामयाबी हाथ नहीं लगी है। माना जा रहा है कि इस आपदा से निपटने के लिए अभी नेपाल को काफी समय लगेगा।
