ईवी लवर्स को जल्द मिल सकती है खुशखबरी, क्या मई में लॉन्च होगी Tata Sierra EV? इन 3 खूबियों पर जरूर दें ध्यान

Tata Sierra EV: टाटा सिएरा ईवी अगले महीने भारतीय बाजार में दस्तक दे सकती है। कार मेकर ने इसके लिए बड़ी तैयारी शुरू कर दी है। इस आगामी ईवी में 3 दमदार खूबियां मिलने की उम्मीद है।

Tata Sierra EV

Photo Credit: Google

Tata Sierra EV: इलेक्ट्रिक कारों की डिमांड में इन दिनों इजाफा देखने को मिल रहा है। भले ही देश में चार्जिंग स्टेशनों की कमी हो या फिर ईवी गाड़ियों की कीमत फ्यूल वाली कारों की तुलना में ज्यादा हो। मगर इसका प्रमुख कारण दुनियाभर में गहराता फ्यूल संकट है। पश्चिम एशिया में जारी जंग ने भारत पर भी प्रभाव डाला है। फ्यूल वाहन खरीदने वाले ग्राहकों का रुख ईवी की तरफ मुड़ा है। ऐसे में कई ताजा रिपोर्ट्स में बताया गया है कि टाटा सिएरा ईवी का इंतजार जल्द ही खत्म हो सकता है। टाटा मोटर्स अपनी अपकमिंग इलेक्ट्रिक एसयूवी को बहुत जल्द मार्केट में उतार सकती है।

टाटा सिएरा ईवी का लुभावना डिजाइन और आकर्षक इंटीरियर

कई लेटेस्ट रिपोर्ट्स में बताया गया है कि टाटा सिएरा ईवी काफी दमदार स्टाइल और खूबियों के साथ भारतीय बाजार में दस्तक दे सकती है। लीक्स की मानें, तो ईवी का बाहरी रुप लगभग इसकी फ्यूल वाली गाड़ी जैसा ही होगा। हालांकि, इलेक्ट्रिक होने की वजह से कुछ खास एलिमेंट्स देखने को मिल सकते हैं। इसमें आगे की तरफ एलईडी हेडलाइट, एलईडी डीआरएलएस के साथ चार्जिंग प्वॉइट दिया जा सकता है। जबकि रियर में एलईडी टेललैंप और रियर स्पॉइलर आ सकता है। कंपनी इसमें 19 इंच के अलॉय व्हील्स जोड़ सकती है। इसके केबिन में बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, वेंटिलेटिड फ्रंट सीट, मसाज सीट्स, पावर विंडो और वायरलेस एप्पल कार प्ले और एंड्रॉयड ऑटो की सुविधा दी जा सकती है।

धाकड़ बैटरी और रेंज बनाएंगे दीवाना

वहीं, टाटा सिएरा ईवी की बैटरी और रेंज की बात करें, तो इसमें 65kWh से 75kWh तक की बैटरी आने का अनुमान है। इसकी बैटरी फुल चार्ज पर 500KM तक की रेंज प्रदान कर सकती है। कंपनी इसमें क्विक चार्जिंग सिस्टम को भी जोड़ सकती है, जिससे ग्राहक बैटरी को काफी कम टाइम में चार्ज कर सकते हैं। इसका डीसी फास्ट चार्जर अच्छी क्षमता के साथ आ सकता है।

यात्रियों की सुरक्षा का रखा जाएगा खास ख्याल

उधर, टाटा सिएरा ईवी में यात्रियों की सुरक्षा का भी काफी ध्यान रखा जा सकता है। कंपनी इसमें बेसिक 6 एयरबैग्स, सीट बेल्ट रिमाइंडर, चाइल्स सेफ्टी, एबीएस के साथ ईबीडी, ट्रैक्शन कंट्रोल, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल सिस्टम, 360 डिग्री कैमरा, फ्रंट और रियर पार्किंग सेंसर, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम, ऑल डिस्क ब्रेक और एडीएएस पैक के तहत कई एडवांस खूबियां देखने को मिल सकती हैं।

क्या है लॉन्च और संभावित प्राइस डिटेल

कुछ हालिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, टाटा सिएरा ईवी को मई 2026 तक इंडियन मार्केट में लॉन्च करने की योजना है। वहीं, इसका दाम 15 लाख रुपये एक्सशोरूम से स्टार्ट हो सकता है। हालांकि, यह जानकारी सिर्फ अटकलों पर आधारित है और अभी तक इस संबंध में कार निर्माता ने कुछ भी आधिकारिक नहीं किया है।

Exit mobile version