खुशखबरी! Ganga Expressway उद्घाटन के लिए तैयार, सिर्फ 7 घंटे में मेरठ से प्रयागराज का सफर; विकसित UP को मिलेगी नई रफ्तार

Ganga Expressway: उत्तर प्रदेश के लोग गंगा एक्सप्रेसवे का लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में लोगों को जल्द ही खुशखबरी मिल सकती है। इसके शुरू होने के बाद यूपी के एक छोर से दूसरे छोर तक पहुंचने में समय की काफी बचत होगी।

Ganga Expressway

Photo Credit: Google

Ganga Expressway: उत्तर प्रदेश को एक्सप्रेसवे का प्रदेश कहा जाए, तो गलत नहीं होगा। जी हां, जल्द ही प्रदेशवासियों को गंगा एक्सप्रेसवे की सौगात मिल सकती है। यह एक्सप्रेसवे इसलिए भी खास है, क्योंकि यह देश के सबसे बड़े एक्सप्रेसवे प्रोजेक्ट्स में से एक है, जो उत्तर प्रदेश को पश्चिम से पूर्व तक जोड़ने के लिए बनाया जा रहा है। इस विशेष प्रोजेक्ट का काफी लंबे समय से इंतजार किया जा रहा है। अगर आप अक्सर यूपी के एक छोर से दूसरे छोर तक जाते हैं और लंबा वक्त लगता है, तो अब इसमें काफी कटौती हो सकती है। कई ताजा रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि इस एक्सप्रेसवे का इंतजार समाप्त होने वाला है।

गंगा एक्सप्रेसवे से घट जाएगा मेरठ से प्रयागराज का सफर

यूपीईआईडीए यानी उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुताबिक, ‘गंगा एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य लगभग 95 प्रतिशत पूरा हो चुका है। शेष काम साइड प्लाजा, रास्ते के किनारे की सुविधाओं और पेट्रोल पंपों से संबंधित है। बाकी काम पूरा होने में अभी एक से डेढ़ महीना और लगेगा।’

वहीं, कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि एक्सप्रेसवे के पूरा होने के बाद मेरठ से प्रयागराज का सफर सिर्फ 6 से 7 घंटों में पूरा हो जाएगा। वर्तमान समय में इस सफर को पूरा करने में 10 से 12 घंटे का वक्त लगता है। इस दौरान वाहनों को काफी ट्रैफिक मिलता है, जिससे उनका बहुत समय बर्बाद होता है। मगर एक्सप्रेसवे के जरिए लोगों के 4 से 5 घंटे बच सकते हैं। इस दौरान वाहन को 100–120 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से दौड़ाया जा सकता है। ऐसे में लोगों का समय बचेगा और साथ ही व्यापार, पर्यटन और कनेक्टिविटी को भी काफी बढ़ावा मिल सकता है।

गंगा एक्सप्रेसवे से इन जिलों की बदल सकती है तस्वीर

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि गंगा एक्सप्रेसवे के जरिए विकसित यूपी मिशन को भी रफ्तार मिल सकती है। लगभग 594 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेसवे पश्चिम यूपी से शुरू होकर पूर्वी यूपी के प्रयागराज को कनेक्ट करेगा। 6 लेन का यह एक्सप्रेसवे 12 जिलों से होकर गुजरेगा। इसमें मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ और प्रयागराज शामिल है।

बताया जा रहा है कि इसकी कुल लागत लगभग 36000 करोड़ रुपये है। इसे एशिया के सबसे लंबे एक्सप्रेसवे में से एक बताया जा रहा है। इस एक्सप्रेसवे पर इमरजेंसी एयरस्ट्रिप तैयार की गई है, जहां पर फाइटर जेट भी उतर सकते हैं। ऐसे में यह जून 2026 तक आम लोगों के लिए पूरी तरह से खुल सकता है। हालांकि, अभी तक इसके उद्घाटन की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

Exit mobile version