Noida International Airport: शनिवार का दिन उत्तर प्रदेश के लिए काफी खास रहा। दरअसल, बीते दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन किया। इसके साथ ही अब यूपी में सबसे ज्यादा अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे हो गए हैं। यूपी में अब कुल 5 एयरपोर्ट इंटरनेशनल तमगे के साथ कार्य कर रहे हैं। ऐसे में पूरे राज्य के साथ दिल्ली-एनसीआर को भी इससे काफी अधिक फायदा मिल सकता है। जेवर में स्थित एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट अपने पहले चरण के साथ यात्रियों की सेवा के लिए तैयार है। ऐसे में यहां पहुंचने के लिए 3 सबसे बढ़िया और सुविधाजनक सड़क मार्ग हैं।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक पहुंचने के 3 सबसे आसान रास्ते
यूपी के 5वें अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे तक पहुंचने के लिए यात्रियों के पास 3 आसान रोड कनेक्टविटी के विकल्प हैं।
यमुना एक्सप्रेसवे- पहला है यमुना एक्सप्रेसवे, 6 लेन वाला यह एक्सप्रेसवे हवाई अड्डे को सीधे नोएडा, ग्रेटर नोएडा, आगरा, मथुरा और वृंदावन से जोड़ता है। ऐसे में अगर आप पश्चिमी यूपी या केंद्रीय क्षेत्र से आना चाहते हैं, तो यह रास्ता एकदम सही रह सकता है।
जेवर-फरीदाबाद एक्सप्रेसवे- नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक पहुंचने का दूसरा विकल्प है जेवर-फरीदाबाद एक्सप्रेसवे। लगभग 31 किमी लंबे इस 6 लेन सड़क वाले रास्ते के जरिए दिल्ली, गुरुग्राम और फरीदाबाद के लोग आसानी से आ सकते हैं। फिलहाल यह मार्ग निर्माणाधीन हैं। यह रास्ता अप्रैल 2027 तक दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जुड़ सकता है।
गाजियाबाद-जेवर एयरपोर्ट ईस्ट रोड- यूपी के नए हवाईअड्डे तक पहुंचने के लिए गाजियाबाद-जेवर एयरपोर्ट ईस्ट रोड एक बढ़िया ऑप्शन है। तकरीबन 130 मीटर चौड़ी सड़क के जरिए गाजियाबाद से सीधे जेवर एयरपोर्ट तक पहुंचा जा सकता है।
नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर कब से शुरू होंगी घरेलू फ्लाइट्स?
कई रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि डीजीसीए यानी नागरिक उड्डयन महानिदेशालय ने 6 मार्च 2026 को एयरपोर्ट को एयरोड्रम लाइसेंस जारी कर दिया था। ऐसे में अगले 45 दिनों के अंदर कार्गो और घरेलू उड़ानें शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है। इसका मतलब है कि कमर्शियल उड़ान सेवाएं अप्रैल 2026 के मध्य से मई 2026 के बीच शुरू हो सकती हैं। वहीं, इंटरनेशनल फ्लाइट संचालन के लिए सितंबर तक का इंतजार करना पड़ सकता है। हालांकि, अभी तक नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से घरेलू उड़ानों के संचालन की कोई भी आधिकारिक तारीख सामने नहीं आई है।
