Eid-ul-Fitr 2026: मुस्लिम बहुल उत्तम नगर इलाके में ईद त्योहार से पहले तनाव साफ तौर पर झलकता नजर आ रहा है। इलाके में दुकानों पर लगे ताले और सुनी पड़ी गलियां लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही हैं। होली की अगली सुबह तरुण नामक 26 वर्षीय युवक की मौत के बाद देश भर में उबाल देखने को मिला।
तमाम ऐसे संदेश साझा किए गए जिसमें कथित रूप से उत्तम नगर के मुसलमानों के खिलाफ भड़काऊ भाषण का संदर्भ शामिल है। इसको लेकर विपक्ष ईद-उल-फितर से पहले फ्रंटफुट पर नजर आ रहा है। कांग्रेस सांसद मोहम्मद जावेद के नेतृत्व में विपक्षी सांसदों ने गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग रखी है। ऐसे में ये मामला अब देश की संसद तक पहुंच गया है जिसको लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।
मुसलमानों को कथित तौर पर मिली धमकियों को लेकर फ्रंटफुट पर विपक्ष!
कांग्रेस सांसद मोहम्मद जावेद के नेतृत्व में विपक्षी सांसदों के एक प्रतिनिधिमंडल ने गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है। पत्र में दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में कथित तौर पर मुसलमानों को मिल रही धमकियों का जिक्र है। विपक्षी सांसदों ने गृह मंत्री से कार्रवाई की मांग की है। विपक्षी सांसदों ने हालिया स्थिति को देखते हुए कई तर्कों का जिक्र किया है।
सासंदों के प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि दिल्ली के उत्तम नगर में मुस्लिम समुदाय के सदस्यों को खुलेआम धमकियों, डरा-धमकाने और भय पैदा करने के सुनियोजित प्रयासों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसी स्थिति को अत्यंत चिंताजनक बताते हुए दिल्ली पुलिस से तत्काल हस्तक्षेप करने के निर्देश जारी करने की मांग की गई है। अमित शाह तक उत्तम नगर मामला पहुंचने के बाद इसकी चर्चा और तेज हो गई है।
ईद से पहले उत्तम नगर में पसरा तनाव!
शनिवार को देश के विभिन्न हिस्सों में ईद का त्योहार मनाया जाना है। इससे पहले दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में तनाव पसरता नजर आ रहा है। स्थिति नाजुक बनी है और हर गलियों में पुलिस का पहरा है। दरअसल, 4 मार्च यानी होली वाले दिन एक मुस्लिम महिला पर रंग भरा गुब्बारा फेंके जाने के बाद मारपीट की स्थिति बनी और दो परिवारों की भिड़ंत में तरुण नामक युवक की मौत हो गई। अस्पताल में 5 मार्च को तरुण ने अंतिम सांस ली जिसके बाद देश भर में उत्तम नगर मामले को लेकर रोष नजर आया।
इसे सामप्रदायिक नजरिए से देखते हुए तल्ख प्रतिक्रियाओं का दौर शुरू हुआ। तमाम ऐसे वीडियो सोशल मीडिया पर देखने को मिले जिनमें मुसलमानों को कथित रूप से धमकाने की बात कही गई। इसको लेकर उत्तम नगर में ईद-उल-फितर से पहले तनाव साफ तौर पर झलक रहा है। हालांकि, प्रशासन पुख्ता रूप से तैयारियां कर स्थिति सामान्य होने और लोगों से शांतिपूर्ण ढ़ंग से त्योहार मनाने की अपील कर रहा है।






