Guwahati Hotel Shooting: असम की राजधानी के एक होटल में ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना से हड़कंप मचा है। भयानक हादसे में 6 लोगों को गोली लगने की खबर सामने आई है जिसमें 5 लोगों की मौत हो गई है। जीएस रोड स्थित बोरा सर्विस क्षेत्र के होटल ‘बिलास इन’ में हुई इस घटना को लेकर सनसनी मची हुई है। संपत्ति के विवाद का ये अंजाम होगा किसी ने सोचा भी नहीं होगा। जानिए गुवाहाटी होटल शूटिंग की पूरी डिटेल्स क्या है। इस गोलीबारी की घटना ने लोगों को हैरान कर दिया है।
Guwahati Hotel Shooting को लेकर जानिए किनकी हुई मौत
गुवाहाटी होटल शूटिंग में जान गंवाने वाले लोगों की पहचान होटल की मालकिन हेलेना भरली, उनके बेटे देबोर्शी कश्यप, बहू रिनिकी कश्यप, भाई भूदेव भरली के साथ गांव और परिवार से जुड़े नारायण दास के रूप में हुई है। इस दर्दनाक हमले में एक ही परिवार के कई सदस्यों की जान चली गई है जबकि एक घायल है। बताया जा रहा है कि घायल शख्स का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर है।
कैसे हत्याकांड को आरोपी ने दिया अंजाम
पुलिस की जांच में बताया जा रहा है कि गोलीबारी की यह घटना संपत्ति और लीज के विवाद की वजह से हुआ था। होटल के मालिक पक्ष और होटल को लीज पर लेने वाले शख्स के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। हत्याकांड को अंजाम देने वाले आरोपी की पहचान घनकांत गोगोई के रूप में हुई है जो होटल का पट्टाधारक था। पुलिस ने घटना के तुरंत बाद एक घंटे के भीतर 32 बोर की लाइसेंसी पिस्तौल के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
निश्चित तौर पर गुवाहाटी की इस शूटिंग विवाद ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है जहां इस तरह खुलेआम गोली चलाकर 5 लोगों को मौत के घाट उतार देना निश्चित तौर पर दिल दहला देने के लिए काफी है।
