---Advertisement---

Punjab News: गुरु साहिब जी के शहीदी दिवस को यादगार रूप में मनाने के लिए परमात्मा की बख्शीश हासिल होने से अपने आप को भाग्यशाली समझती है पंजाब सरकार – मुख्यमंत्री मान

Punjab News: यहां के ऐतिहासिक गुरुद्वारा छठी पातशाही साहिब से श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित विशाल नगर कीर्तन खालसा की जन्मभूमि श्री आनंदपुर साहिब के लिए रवाना हुआ।

Avatar of Aarohi

By: Aarohi

Published: नवम्बर 19, 2025 6:27 अपराह्न

Punjab News
Follow Us
---Advertisement---

Punjab News: यहां के ऐतिहासिक गुरुद्वारा छठी पातशाही साहिब से श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित विशाल नगर कीर्तन खालसा की जन्मभूमि श्री आनंदपुर साहिब के लिए रवाना हुआ। रवानगी के मौके पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने संगत के साथ शिरकत की।

युगों युगों से अटल श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की छत्र-छाया के नीचे और पंज प्यारों के नेतृत्व में सजाया गया नगर कीर्तन विभिन्न शहरों- जम्मू, पठानकोट, दसूहा, होशियारपुर, माहिलपुर, गढ़शंकर तथा अन्य नगरों से गुजरता हुआ 22 नवंबर को नौवें पातशाह जी द्वारा बसाए पवित्र नगर श्री आनंदपुर साहिब में संपन्न होगा। नगर कीर्तन 19 नवंबर की रात जम्मू, 20 नवंबर की रात पठानकोट और 21 नवंबर की रात होशियारपुर में पड़ाव डालेगा।

पवित्र दिवस को समर्पित इस नगर कीर्तन में बड़ी संख्या में संगतें श्रद्धा-भावना के साथ हिस्सा ले रही हैं

गुरु साहिब जी के पवित्र दिवस को समर्पित इस नगर कीर्तन में बड़ी संख्या में संगतें श्रद्धा-भावना के साथ हिस्सा ले रही हैं। कीर्तन के साथ रवाना होने वाली संगत की सुविधा के लिए काफिले में एम्बुलेंस, डिजिटल म्यूजियम, लंगर की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सामान मौजूद रहेगा।

इससे पहले मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने गुरुद्वारा साहिब में माथा टेक कर सरबत के भले के लिए अरदास की।

इस दौरान उन्होंने कहा कि नौवें सिख गुरु जी के 350वें शहीदी दिवस को मनाना हमारे सभी के लिए ऐतिहासिक पल हैं, जिन्होंने मानवता की रक्षा के लिए अद्वितीय शहादत दी। उन्होंने कहा कि हम सब सौभाग्यशाली हैं कि हमें अपने जीवन में इन महान आयोजनों का हिस्सा बनने का सुअवसर प्राप्त हुआ है। अरविंद केजरीवाल और भगवंत सिंह मान ने कहा कि अकाल पुरख ने इस महान कार्य में सेवा निभाने के लिए प्रदेश सरकार पर अपार कृपा की है और सरकार इस नेक कार्य में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ेगी।

पंजाब सरकार इस पवित्र अवसर को श्रद्धा-भाव से मनाने के लिए प्रतिबद्ध है

मुख्यमंत्री मान और आप के राष्ट्रीय संयोजक ने लोगों को श्री गुरु तेग बहादुर जी द्वारा समूची मानवता को दिखाए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार इस पवित्र अवसर को श्रद्धा-भाव से मनाने के लिए प्रतिबद्ध है। अरविंद केजरीवाल और भगवंत सिंह मान ने कहा कि गुरु साहिब जी का शांति, मानवता, प्रेम और भाईचारे का विश्वव्यापी संदेश आज के दौर में भी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय परिदृश्य में पूरी तरह प्रासंगिक है।

मुख्यमंत्री मान और आप के राष्ट्रीय संयोजक ने लोगों को गुरु जी की विचारधारा अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि यह महान विचारधारा पूरे देश को अटूट सामाजिक ताने-बाने से जोड़ने के लिए एकता की ताकत के रूप में उभरी है। उन्होंने लोगों को गुरु जी के धार्मिक स्वतंत्रता और मानवीय अधिकारों की रक्षा तथा धर्मनिरपेक्षता की सदियों पुरानी महान परंपराओं को कायम रखने में उनके अनुपम योगदान की याद दिलाई, जिसके लिए उन्होंने अपना जीवन कुर्बान कर दिया।

प्रदेश सरकार ने इस पवित्र मौके पर महान गुरु साहिब को श्रद्धांजलि और सम्मान भेंट करने के लिए भरपूर प्रयास किए हैं

अरविंद केजरीवाल और भगवंत सिंह मान ने कहा कि प्रदेश सरकार ने इस पवित्र मौके पर महान गुरु साहिब को श्रद्धांजलि और सम्मान भेंट करने के लिए भरपूर प्रयास किए हैं।

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आगे कहा कि वे जम्मू-कश्मीर में सिख भाईचारे के समर्पण और श्रद्धा-भावना से बहुत प्रभावित हुए हैं। उन्होंने इस ऐतिहासिक आयोजन में संगत के साथ उपस्थिति के लिए जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला का विशेष रूप से धन्यवाद किया। अरविंद केजरीवाल और भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह वास्तव में पूरे सिख भाईचारे और विशेष रूप से जम्मू-कश्मीर के सिखों के लिए गर्व के पल हैं, जो हम सभी की ओर से विशेष धन्यवाद के हकदार हैं।

मुख्यमंत्री मान और आप के राष्ट्रीय संयोजक ने इस महान कार्य को संभव बनाने के लिए पंजाब सरकार व पंजाबियों की ओर से जम्मू-कश्मीर सरकार और सिख संगत का व्यक्तिगत रूप से भी धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब के शहीदी दिवस को मनाने के लिए पंजाब सरकार विभिन्न राज्यों में आयोजन कर रही है।

अरविंद केजरीवाल और भगवंत सिंह मान ने बताया कि नौवें पातशाह जी के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित आयोजनों की शुरुआत 25 अक्टूबर को दिल्ली के गुरुद्वारा सीस गंज साहिब से हुई थी और उसी दिन गुरुद्वारा श्री रकाब गंज साहिब में विशाल कीर्तन दरबार आयोजित किया गया था।

मुख्यमंत्री मान और आप के राष्ट्रीय संयोजक ने कहा कि 1 नवंबर से 18 नवंबर तक पंजाब के सभी जिलों में लाइट एंड साउंड शो आयोजित किए गए, जिसमें श्री गुरु तेग बहादुर जी के महान जीवन और दर्शन को दर्शाया गया। इसी तरह गुरु साहिब की चरण-छोह प्राप्त नगरों व शहरों में कीर्तन दरबार आयोजित किए जा रहे हैं और 18 नवंबर को श्रीनगर में कीर्तन दरबार हुआ।

अरविंद केजरीवाल और भगवंत सिंह मान ने कहा कि विभिन्न दिशाओं से चार नगर कीर्तन सजाए जा रहे हैं और आज पहला नगर कीर्तन इसी धरती से शुरू हुआ जो 22 नवंबर को श्री आनंदपुर साहिब में संपन्न होगा।

20 नवंबर को तख्त श्री दमदमा साहिब , फरीदकोट और गुरदासपुर से तीन नगर कीर्तन सजाए जाएंगे

मुख्यमंत्री मान और आप के राष्ट्रीय संयोजक ने कहा कि 20 नवंबर को तख्त श्री दमदमा साहिब (तलवंडी साबो), फरीदकोट और गुरदासपुर से तीन नगर कीर्तन सजाए जाएंगे और ये सभी चारों नगर कीर्तन 22 नवंबर को श्री आनंदपुर साहिब में संपन्न होंगे। उन्होंने कहा कि 23 से 25 नवंबर तक श्री आनंदपुर साहिब में बड़े स्तर पर समागम होंगे। हजारों श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए पवित्र शहर में “चक्क नानकी” नामक टेंट सिटी स्थापित की जा रही है।

मुख्यमंत्री मान और आप के राष्ट्रीय संयोजक ने कहा कि गुरु साहिब जी के जीवन और संदेश को उजागर करने वाली प्रदर्शनियां, ड्रोन शो के साथ अंतर-धर्म सम्मेलन भी होगा। 24 नवंबर को पंजाब विधान सभा का विशेष सत्र श्री आनंदपुर साहिब में होगा, जहां प्रमुख हस्तियां गुरु जी के जीवन, दर्शन और धार्मिक स्वतंत्रता व मानवीय अधिकारों के लिए उनकी महान कुर्बानी पर विचार साझा करेंगी। 25 नवंबर को राज्य स्तरीय रक्तदान शिविर, वन विभाग द्वारा बड़े स्तर पर पौधारोपण अभियान के अलावा विशाल “सरबत दा भला एकत्रीकरण” में कई प्रख्यात हस्तियां हिस्सा लेंगी।

पंजाब सरकार अपने कार्यकाल में यह ऐतिहासिक आयोजन करवाकर स्वयं को परम सौभाग्यशाली महसूस कर रही है

मुख्यमंत्री मान और आप के राष्ट्रीय संयोजक ने आगे बताया कि 350वें शहीदी दिवस के पवित्र मौके के बारे में दुनिया भर के आध्यात्मिक नेताओं व संतों से सलाह-मशवरा किया गया है और उन्हें इन आयोजनों में हिस्सा लेने के लिए निमंत्रण भी दिया गया है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार अपने कार्यकाल में यह ऐतिहासिक आयोजन करवाकर स्वयं को परम सौभाग्यशाली महसूस कर रही है। अरविंद केजरीवाल और भगवंत सिंह मान ने देश-विदेश के लोगों से इन आयोजनों में हिस्सा लेने की अपील की।

इस मौके पर संत बाबा सेवा सिंह जी रामपुर खेड़ा वाले, गुरुद्वारा छठी पातशाही लोकल कमेटी के प्रधान जसपाल सिंह व सचिव गुरमीत सिंह तथा अन्य संत-महापुरुष उपस्थित थे।

इस मौके पर पंजाब विधान सभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां, कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा, अमन अरोड़ा, तरुनप्रीत सिंह सौंद, डॉ. बलजीत कौर, लाल चंद कटारुचक, हरभजन सिंह ई.टी.ओ., बरिंदर कुमार गोयल, डॉ. रवजोत एवं हरदीप सिंह मुंडियां, सांसद बाबा बलबीर सिंह सीचेवाल, गुरमीत सिंह मीत हेयर व मालविंदर सिंह कंग, मुख्य सचिव के.ए.पी. सिन्हा तथा मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. रवि भगत सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

For Feedback - feedback@dnpnewsnetwork.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

Punjab News

मार्च 9, 2026

हरपाल सिंह चीमा

मार्च 9, 2026

CM Bhagwant Mann

मार्च 9, 2026

CM Bhagwant Mann

मार्च 9, 2026

Bhagwant Mann

मार्च 9, 2026

Bhagwant Mann

मार्च 9, 2026