Punjab News: अंतरराज्यीय सहयोग से अपराधियों और गैंगस्टरों के ख़िलाफ पंजाब की लड़ाई हो रही मज़बूत

Punjab News:राज्य के लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पंजाब पुलिस अपने अधिकार क्षेत्र से आगे बढ़कर न केवल पड़ोसी राज्यों की पुलिस, बल्कि देशभर की कानून व्यवस्था बनाए रखने वाली एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रही है और आपसी सहयोग को मज़बूत बना रही है।

Punjab News

Punjab News

Punjab News:राज्य के लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पंजाब पुलिस अपने अधिकार क्षेत्र से आगे बढ़कर न केवल पड़ोसी राज्यों की पुलिस, बल्कि देशभर की कानून व्यवस्था बनाए रखने वाली एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रही है और आपसी सहयोग को मज़बूत बना रही है। गैंगस्टरों के नेटवर्क का अन्य राज्यों तक पीछा करने से लेकर संयुक्त अभियानों के निर्माण तक, पंजाब पुलिस ने गिरोहों और उनके नेटवर्क की कमर तोड़ने में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। खुफ़िया जानकारी साझा करने के नेटवर्क विकसित करने और संयुक्त कार्रवाई शुरू करने के साथ-साथ पुलिस यह भी सुनिश्चित कर रही है कि अपराधी भौगोलिक सीमाओं का फ़ायदा न उठा सकें।

पंजाब पुलिस उनका कहीं भी पीछा करेगी और पीड़ितों को न्याय दिलाना सुनिश्चित करेगी

पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव ने कहा, “हम अपने उद्देश्य को लेकर पूरी तरह स्पष्ट हैं—अपराधी यहाँ अपराध करके बच नहीं सकते। पंजाब पुलिस उनका कहीं भी पीछा करेगी और पीड़ितों को न्याय दिलाना सुनिश्चित करेगी। ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान कार्रवाई के निर्णायक 148वें दिन में प्रवेश कर चुका है और हम किसी भी हालत में अपराधियों को नहीं छोड़ेंगे। अभियान शुरू होने के बाद से 37,757 असामाजिक तत्त्वों की पहचान और गिरफ़्तारी राज्य पुलिस की अपराध से निपटने की प्रतिबद्धता और कार्यशैली को दर्शाती है। मैं अन्य राज्यों के पुलिसकर्मियों का भी आभार व्यक्त करता हूँ, जिन्होंने सूचना साझा करने में हमारा सहयोग किया।”

गैंगस्टर अक्सर एक राज्य में बैठकर दूसरे राज्य में अपराधों को अंजाम देते हैं, जबकि नशा तस्कर भी विभिन्न राज्यों के रास्ते मादक पदार्थों की तस्करी करते हैं। अब तक कुल 68,682 नशा तस्करों की गिरफ़्तारी के साथ पंजाब पुलिस ने अपने सबसे प्रभावी हथियारों में से एक—अंतरराज्यीय सहयोग—को और मज़बूत बनाया है।

यह रणनीति राज्य के चल रहे ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान का प्रमुख स्तंभ बन चुकी है, जिसके तहत पंजाब पुलिस केवल व्यक्तिगत अपराधियों को ही नहीं बल्कि संगठित अपराध को समर्थन देने वाले पूरे तंत्र को निशाना बना रही है।

अंतरराज्यीय सहयोग के तहत प्रमुख सफलताएँ

* इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (ISI) समर्थित जासूसी एवं आतंकी नेटवर्क का भंडाफोड़:
सबसे महत्त्वपूर्ण सफलताओं में से एक आईएसआई समर्थित जासूसी और आतंकी नेटवर्क को ध्वस्त करना रहा, जिसका संबंध बब्बर खालसा इंटरनेशनल से बताया गया। पंजाब और दिल्ली में संयुक्त रूप से चलाए गए इस अभियान में 11 आरोपियों को गिरफ़्तार किया गया। जाँच में एक ऐसे संगठित नेटवर्क का खुलासा हुआ, जो सुरक्षित संचार माध्यमों और रिमोट संचालित कैमरों के ज़रिए संवेदनशील सूचनाएँ जुटाकर सीमा पार अपने संचालकों तक पहुँचाता था।

गैंगस्टर सिंडिकेट्स के ख़िलाफ कार्रवाई:

इसी रणनीति के तहत पंजाब पुलिस ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान में गैंगस्टर नेटवर्कों के ख़िलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। विशेष रूप से लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ से जुड़े गिरोह विभिन्न राज्यों में सक्रिय नेटवर्क बनाए रखते हैं और गिरफ़्तारी से बचने के लिए अंतरराज्यीय आवाजाही का सहारा लेते हैं।

 दिल्ली में कार्रवाई:

इस वर्ष की शुरुआत में विभिन्न राज्य पुलिस-बलों के संयुक्त प्रयासों से दिल्ली में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े कई गैंगस्टरों को गिरफ़्तार किया गया।

गोल्डी बराड़ के वसूली मॉड्यूल का पर्दाफ़ाश:

इसी अवधि में पंजाब पुलिस ने गोल्डी बराड़ से जुड़े एक फिरौती वसूली नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ़्तार किया और पंजाब से बाहर तक फैले नेटवर्क को ध्वस्त किया।

* अंतरराज्यीय लूटपाट गिरोह का भंडाफोड़:
हाल ही में खन्ना पुलिस ने पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में चोरी, लूट और स्नैचिंग की घटनाओं में शामिल एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया। पुलिस के बीच बेहतर तालमेल और सहयोग के बाद आरोपियों को उत्तर प्रदेश से गिरफ़्तार किया गया।

ड्रोन तस्करी नेटवर्क का पर्दाफ़ाश:

उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और पंजाब पुलिस के संयुक्त अभियान में पंजाब के एक फरार आरोपी को गिरफ़्तार किया गया, जो पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से अवैध हथियार और मादक पदार्थ भारत में पहुँचाने वाले सीमा-पार नेटवर्क से जुड़ा था।

जम्मू-कश्मीर पुलिस के साथ संयुक्त अभियान:

हाल ही में जम्मू-कश्मीर पुलिस और पंजाब पुलिस के संयुक्त अभियान में अमृतसर के एक फ्लैट से एक AK-47 राइफल, एक पिस्तौल और लगभग 500 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद किया गया। एक वांछित फरार आरोपी के संबंध में जम्मू पुलिस को मिली विशेष खुफ़िया सूचना के आधार पर यह अभियान शुरू किया गया। सूचना पर कार्रवाई करते हुए जम्मू पुलिस और पंजाब पुलिस की संयुक्त टीमों ने फ्लैट पर छापेमारी की और हथियारों तथा नशीले पदार्थों को बरामद किया।

डीजीपी गौरव यादव ने कहा, “अपराधी और राष्ट्रविरोधी तत्त्व अक्सर राज्य की सीमाओं से परे काम करते हैं, इसलिए पुलिसिंग को भी सीमाओं से ऊपर उठकर कार्य करना होगा। ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान के तहत पंजाब पुलिस ने देशभर की सहयोगी एजेंसियों के साथ बेहतर तालमेल की रणनीति अपनाई है। हमारा संदेश बिल्कुल स्पष्ट है—पंजाब की शांति और सौहार्द को चुनौती देने वालों को कहीं भी सुरक्षित ठिकाना नहीं मिलेगा, चाहे वे कहीं भी छिपे हों।”

पंजाब पुलिस के लिए यह सहयोगात्मक दृष्टिकोण संगठित अपराध के ख़िलाफ उसकी लड़ाई की एक महत्त्वपूर्ण पहचान बनकर उभर रहा है और राज्य में जन-सुरक्षा सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभा रहा है।

Exit mobile version