Rain Alert 5 August 2026: देश के पर्वतीय राज्यों में मौसम एक बार फिर खतरनाक रूप लेता नजर आ रहा है। जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में बादल फटने की घटनाओं और लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया है। वहीं उत्तराखंड में भी अगले 24 घंटों के दौरान भारी से अत्यधिक भारी बारिश, तेज आंधी और भूस्खलन की आशंका जताई जा रही है। मौसम विभाग ने लोगों और यात्रियों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। चलिए आपको बताते है कि कल का वेदर रिपोर्ट कैसा रहने वाला है?
जम्मू-कश्मीर में बादल फटने से बढ़ी मुश्किलें
जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी क्षेत्रों में अचानक हुई मूसलाधार बारिश और बादल फटने जैसी घटनाओं के कारण कई जगहों पर नाले उफान पर हैं। कुछ क्षेत्रों में सड़क संपर्क प्रभावित हुआ है और स्थानीय प्रशासन राहत एवं बचाव कार्यों में जुटा हुआ है। पहाड़ी ढलानों पर भूस्खलन का खतरा भी बढ़ गया है। इसी बीच मौसम विभाग ने बालटाल, बनिहाल, गुलमर्ग, कठुआ. कुपवाड़ा समेत कई जगहों पर अलर्ट जारी कर दिया है।
चारधाम यात्रा पर मंडराया संकट
उत्तराखंड के देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, बागेश्वर, टिहरी और नैनीताल समेत कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। लगातार बारिश के कारण नदियों और गदेरों का जलस्तर बढ़ सकता है, जिससे निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका है। वहीं मौसम के इस रौद्र रूप को देखते हुए आईएमडी की तरफ से चारधाम जाने वाले श्रद्धालुओं को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
इन बातों का रखें विशेष ध्यान
अगर आप इस समय पहाड़ों पर जाने की सोच रहे है तो आपको कुछ बातों का ध्यान रखना होगा –
- मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन की ताजा एडवाइजरी जरूर देखें।
- भारी बारिश के दौरान नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें।
- यात्रा के दौरान आवश्यक दवाइयां, टॉर्च, मोबाइल चार्जर और जरूरी सामान साथ रखें।
- खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा करने से बचें।
