CM Yogi Adityanath ने उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में होमगार्ड्स भर्ती परीक्षा और स्मार्ट मीटर समेत कई मसलों पर दिए दिशा-निर्देश; पढ़ें पूरी खबर

CM Yogi Adityanath: यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में यूपी होमगार्ड्स भर्ती परीक्षा और स्मार्ट मीटर समेत कई अहम मसलों पर संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।

CM Yogi Adityanath

Photo Credit: Google

CM Yogi Adityanath: उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ प्रदेश को विकसित राज्य बनाने के लिए पूरी कोशिश में जुए हुए हैं। यही वजह है कि यूपी की बीजेपी यानी भारतीय जनता पार्टी की सरकार निवासियों के जनहित में लगातार साहसिक कदम उठा रही है। ऐसे में सीएम योगी ने गत दिन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। इस दौरान यूपी मुखिया ने संबंधित अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने समीक्षा बैठक में दिए ये दिशा-निर्देश

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने बताया, ‘समीक्षा बैठक में उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स भर्ती परीक्षा, स्मार्ट मीटर, पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता तथा प्रदेश की कानून-व्यवस्था सहित विभिन्न मसलों पर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की।’ बता दें कि 25, 26 एवं 27 अप्रैल को प्रस्तावित होमगार्ड्स भर्ती परीक्षा की तैयारियों, जनसुविधाओं एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। यूपी मुखिया ने कहा, ‘परीक्षा की शुचिता एवं गोपनीयता से कोई समझौता स्वीकार्य नहीं होगा; किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पर कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।’

सीएम योगी आदित्यनाथ ने इन मसलों पर भी दिए निर्देश

गौरतलब है कि यूपी में 74 जनपदों में 41424 होमगार्ड्स पदों के लिए परीक्षा आगामी 25, 26 और 27 अप्रैल को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। ऐसे में सीएम योगी ने भीषण गर्मी को देखते हुए सभी परीक्षा केंद्रों पर शीतल पेयजल, आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं तथा सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

वहीं, सीएम ने पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए कहा, ‘आपूर्ति एवं वितरण पूरी तरह सामान्य है। नेपाल सीमा से सटे जनपदों में कालाबाजारी एवं जमाखोरी पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए।’ उन्होंने कहा, ‘स्मार्ट मीटर से जुड़ी आशंकाओं के समाधान हेतु गठित विशेषज्ञ समिति की रिपोर्ट शीघ्र प्राप्त होगी। इस बीच, सभी जिलों में फीडर-वार विशेष शिविर आयोजित कर उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित समाधान एवं व्यापक जन-जागरूकता सुनिश्चित की जाए।’

केदारनाथ धाम के कपाट खुलने पर सीएम योगी ने दिया खास संदेश

उधर, बीते दिनों यूपी सीएम योगी ने केदारनाथ धाम के कपाट खुलने पर सभी भक्तों को खास संदेश दिया। सीएम ने कहा, ‘देवभूमि उत्तराखंड की पावन धरा पर स्थित श्री केदारनाथ धाम के कपाट आज पूरे विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं। केदारनाथ धाम और चारधाम की यह यात्रा आस्था, तप, त्याग, श्रद्धा और सनातन परंपरा के उस अखंड प्रवाह का उत्सव है, जो भारत की आत्मा में अनादि काल से प्रवाहित है। बाबा श्री केदारनाथ जी से प्रार्थना है कि समस्त श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित, आनंदमय और मंगलमय हो, सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का वास हो। संपूर्ण सृष्टि पर उनकी कृपा बनी रहे। हर-हर महादेव!’

Exit mobile version