UPSSSC Computer Recruitment 2026: उत्तर प्रदेश में सरकारी कंप्यूटर ऑपरेटर भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबरें सामने आई है। इसे जानने के बाद उन सभी अभ्यर्थियों के चेहरे खिल उठेंगे, जो हाई सैलरी वाली कंप्यूटर ऑपरेटर की नौकरी तलाश रहे थे। दरअसल, उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी), लखनऊ ने कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए और सहायक कंप्यूटर ऑपरेटर के लिए भर्ती अधिसूचना जारी की है। इस रिक्रूटमेंट ड्राइव के तहत कुल 12 पदों पर भर्ती निकाली गई है।
यूपीएसएसएससी कंप्यूटर ऑपरेटर भर्ती 2026: कितने पदों पर होगी भर्ती?
आपको बता दें कि यूपीएसएसएससी कंप्यूटर ऑपरेटर भर्ती 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया 7 सितंबर 2026 से शुरू होगी और अभ्यर्थी 28 सितंबर तक इस वैकेंसी के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इस भर्ती में कुल 12 पदों में कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए के 11 और सहायक कंप्यूटर ऑपरेटर का एक पद शामिल है। इस वैकेंसी के लिए आवेदन करने के इच्छुक अभ्यर्थियों के पास स्नातक की डिग्री के साथ कंप्यूटर साइंस में डिप्लोमा अथवा ‘ओ’ लेवल प्रमाणपत्र होना जरुरी है।
साथ ही, ध्यान दें कि इस भर्ती में अभ्यर्थियों के पास संबंधित कंप्यूटर ज्ञान और अनुभव होना बहुत ही आवश्यक है। इसके अलावा अभ्यर्थी का यूपीएसएसएससी पीईटी 2025 पास होना जरुरी है। अभ्यर्थियों के पास पीईटी उत्तीर्ण वैध स्कोरकार्ड होने चाहिए। कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए भर्ती के लिए अभ्यर्थियों के पास 3 वर्ष और सहायक कंप्यूटर ऑपरेटर वैकेंसी 2026 के लिए 2 वर्ष का कंप्यूटर का अनुभव तय किया गया है।
UPSSSC Computer Recruitment 2026: किस उम्र तक कर सकते हैं आवेदन?
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की तरफ से यूपीएसएसएससी कंप्यूटर ऑपरेटर भर्ती 2026 के लिए जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, वैकेंसी के लिए अभ्यर्थियों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष निर्धारित की गई है। जबकि अधिकतम आयु 40 वर्ष तय की गई है। आयु की गणना 1 जुलाई 2026 के आधार पर की जाएगी। इस भर्ती में आरक्षित वर्गों को सरकारी नियमानुसार ऊपरी आयु सीमा में छूट प्रदान की जाएगी। भर्ती नोटिफिकेशन में बताया गया है कि, इन पदों के लिए वेतनमान पे लेवल-2 से पे लेवल-4 के तहत तय की गई है। मसलन वेतनमान 19900 रुपये से 81100 रुपये तक है। वहीं, भर्ती संबंधित अन्य विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे यूपीएसएसएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित नोटिफिकेशन को अवश्य पढ़ें।







