Ajinkya Rahane: बारिश में धुल गया मैच और बच गई KKR की इज्जत, मगर कप्तान के फैसले पर पूर्व क्रिकेटरों ने जमकर लगाई लताड़

Ajinkya Rahane: आईपीएल में केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने एक ऐसा फैसला लिया, जिसकी हर किसी ने आलोचना की। भारत के पूर्व कप्तान ने केकेआर टीम मैनेजमेंट को भी लताड़ लगाई।

Ajinkya Rahane

Photo Credit: Google

Ajinkya Rahane: सोमवार का दिन आईपीएल 2026 के लिए कुछ खास नहीं रहा। केकेआर यानी कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स के बीच मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हो गया। ऐसे में दोनों टीमों को एक-एक अंक दे दिया गया। कोलकाता के ईडन गार्डन्स में मैच देखने आए फैन्स को बारिश की वजह से मायूसी मिली। मगर टॉस के दौरान कुछ ऐसा हुआ, जिसने सभी को चौंका दिया। जी हां, केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने मुकाबले में टॉस जीतकर पहले पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। कप्तान के इस निर्णय पर कई पूर्व क्रिकेटरों ने नाराजगी व्यक्त की और कैप्टन के फैसले की आलोचना की।

अजिंक्य रहाणे को अपने निर्णय की वजह से झेलनी पड़ी तीखी आलोचना

दरअसल, केकेआर और पंजाब किंग्स के मुकाबले पर पहले से ही बारिश का साया था। ऐसे में टॉस जीतने के बाद जब केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने बैटिंग का निर्णय लिया, तो भारत के पूर्व कप्तान अनिल कुंबले और एक्स स्पिनर आर अश्विन ने इस फैसले की तीखी आलोचना की।

‘JioHotstar’ पर भारत के दिग्गज गेंदबाज अनिल कुंबले ने कहा, ‘मुझे हैरानी है कि रहाणे ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। ऐसी पिच पर, जहां बारिश की भी संभावना हो, तो आदर्श रूप से आप पहले फील्डिंग करना चाहेंगे।’ वहीं, आर अश्विन ने एक्स यानी ट्विटर पर लिखा, ‘जब आपको पता हो कि मैच बारिश से प्रभावित होने वाला है, और आपके पास अनुभवहीन गेंदबाजी आक्रमण मौजूद है, तो आप पहले बल्लेबाजी करने का फैसला करते हैं। दिलचस्प सोच।’

अजिंक्य रहाणे का फैसला मिनटों में हो गया खराब

गौरतलब है कि केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया, जोकि कुछ ही मिनटों में गलत साबित हो गया। पंजाब किंग्स के गेंदबाज जेवियर बार्टलेट ने अपने पहले ही ओवर में कैमरन ग्रीन और फिन एलन को आउट करके केकेआर को बैकफुट पर धकेल दिया। इस ओवर के तुरंत बाद ही बारिश शुरू हो गई और मैच को रोकना पड़ा। इसके साथ ही केकेआर ने अपनी प्लेइंग इलेवन में सुनील नारायण और वरुण चक्रवर्ती जैसे मुख्य स्पिनरों को शामिल नहीं किया। स्पिन गेंदबाजी के लिए सिर्फ अनुकूल रॉय को प्लेइंग इलेवन में रखा। बाकि सभी पेस बॉलर्स थे।

बता दें कि इस मैच के बाद पंजाब की टीम अंक तालिका में पहले स्थान पर पहुंच गई, जिसके 3 मुकाबलों के बाद 5 प्वॉइंट्स हैं। जबकि केकेआर की टीम टेबल में 8वें स्थान पर है, जिसके खाते में सिर्फ 1 अंक है। केकेआर ने अभी तक आईपीएल 2026 में कोई भी जीत हासिल नहीं की है।

Exit mobile version