KKR Vs SRH IPL 2026: वीरवार को कोलकाता के ईडन गार्डन्स क्रिकेट स्टेडियम में दर्शकों को चौकें और छक्कों की बारिश देखने को मिल सकती है। आईपीएल 2026 का खुमार धीरे-धीरे लोगों पर चढ़ रहा है। बीत दिन लखनऊ में एलएसजी और दिल्ली कैपिटल्स के बीच लो स्कोरिंग मैच में भी काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। ऐसे में केकेआर बनाम एसआरएच आईपीएल 2026 मुकाबले में भी फैन्स को अच्छा क्रिकेट मिलने की उम्मीद होगी। इस मैच में 2 प्लेयर्स अपने दम पर मुकाबले को किसी भी वक्त बदल सकते हैं।
केकेआर बनाम एसआरएच आईपीएल 2026 मैच में गरजेंगे फिन एलन
अगर केकेआर यानी कोलकाता नाइट राइडर्स की बात करें, तो उनकी टीम में न्यूजीलैंड के विस्फोटक बल्लेबाज फिन एलन मौजूद हैं। फिन एलन ने टी20 विश्वकप के सेमीफाइनल मुकाबले में साउथ अफ्रीका के खिलाफ धाकड़ पारी खेलते हुए तेज तरार्र शतक बनाया था। केकेआर के सपोर्ट्स को इस कीवी बैटर से एक बार फिर खतरनाक पारी की उम्मीद होगी। कोलकाता का मैदान बैटिंग के लिए मुफीद माना जाता है। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले फील्डिंग करना पसंद करती है, ताकि बाद में ओस का लाभ लेकर आसानी से टारगेट को हासिल किया जा सके।
केकेआर बनाम एसआरएच आईपीएल 2026 मुकाबले में दिख सकता है ईशान किशन का तूफान
वहीं, एसआरएच यानी सनराइजर्स हैदराबाद की टीम पर नजर डाले, तो वैसे तो पूरी टीम ही खूंखार और खतरनाक बैटर्स से भरी हुई है। मगर फिलहाल एसआरएच के अंतरिम कप्तान ईशान किशन से ऑरेंज आर्मी के फैन्स को काफी उम्मीद होंगी। टी20 विश्वकप के बाद आईपीएल के पहले मैच में आरसीबी यानी रॉयल चैलेजर्स बेंगलुरु के खिलाफ 80 रनों की धमाकेदार पारी खेली थी। यही वजह है कि टीम और फैन्स को फिर से ईशान किशन से धाकड़ इनिंग की उम्मीद होगी।
क्या ईडन गार्डन्स में मिल सकता है 300 पार का स्कोर?
मालूम हो कि साल 2024 में कोलकाता के इसी मैदान पर पंजाब किंग्स ने केकेआर के खिलाफ 262 रनों को चेज किया था। ऐसे में दर्शक दीर्घा में बैठे लोगों को रनों की बारिश देखने को मिल सकती है। दोनों ही टीमों में एक से बढ़कर एक बल्लेबाज मौजूद हैं। मैच में अगर 300 रन भी बन जाए, तो हैरानी नहीं होनी चाहिए, क्योंकि इस पिच पर अंडरलाइट्स में बैटिंग करना काफी आसान माना जाता है।
हालांकि, मुकाबले की शुरुआत में तेज गेंदबाजों को हल्की स्विंग देखने को मिल सकती है। इससे बैटर्स को मैच के शुरुआती ओवरों में थोड़ा संभलकर रहना होगा। वरना पूरी टीम ताश के पत्तों की तरह ढह सकती है। बता दें कि अभी तक दोनों में से किसी भी टीम ने आईपीएल 2026 में कोई मैच नहीं जीता है। ऐसे में वीरवार को जीतने वाली टीम को 2 अंक मिलेंगे, तो उस टीम का खाता खुल जाएगा।
