Pakistan T20 Boycott: पाकिस्तान और आईसीसी यानी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के बीच मामला अभी तक सुलझा नहीं है। पाकिस्तान की क्रिकेट टीम भारत के खिलाफ 15 फरवरी को कोलंबो में खेलेगी या नहीं, अभी तत यह स्पष्ट नहीं हुआ है। ऐसे में सभी क्रिकेट प्रेमियों के दिल में एक ही सवाल है कि आखिर कब तक पाकिस्तान का इंडिया बॉयकॉट मामला हल होगा? या फिर 15 फरवरी को क्रिकेट लवर्स को सिर्फ हताशा का सामना करना पड़ेगा। इंटरनेट पर चल रही रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि आने वाले कुछ दिनों में आईसीसी और पाकिस्तान के बीच का मसला सुलझ सकता है। ऐसे में सवाल है कि क्या पीसीबी यानी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड अपने फैसले से यूटर्न लेगा?
Pakistan T20 Boycott: पाकिस्तान को करना होगा कानूनी कार्रवाई का सामना
कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि अगर पाकिस्तान 15 फरवरी को भारत के खिलाफ नहीं खेलता है, तो सिर्फ आईसीसी से नहीं, बल्कि टूर्नामेंट के आधिकारिक ब्रॉडकास्टर जियोस्टार की तरफ से भी कठोर कानूनी एक्शन का सामना करना होगा।आईसीसी टी20 विश्वकप से पहले पाकिस्तान की सरकार ने अपनी क्रिकेट टीम को श्रीलंका जाने की अनुमति दे दी। मगर भारत के विरूद्ध बॉयकॉट करने का निर्णय लिया। इसके बाद आईसीसी ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को कड़ी चेतावनी देते हुए अपने फैसले के गंभीर परिणाम भुगतने के संकेत दिए। बताया जा रहा है कि अभी तक पाकिस्तान ने आईसीसी को अपने फैसले की औपचारिक जानकारी नहीं दी है।
पाकिस्तान टी20 बहिष्कार के फैसले पर भारत के वर्ल्डकप विजेता कप्तान ने दिया चौंकाने वाला बयान
उधर, पाकिस्तान के इंडिया के साथ मैच बॉयकॉट के फैसले पर भारत के वर्ल्डकप विजेता कप्तान और पूर्व ऑलराउंडर कपिल देव ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। कपिल देव ने पाकिस्तान के इंडिया के साथ मैच नहीं खेलने पर कहा कि इससे पाकिस्तान की इज्जत को काफी धक्का लगेगा और उनके खिलाड़ियों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
1983 में भारत को विश्वकप विजेता बनाने वाले पूर्व खिलाड़ी कपिल देव ने कहा, ‘अगर यह फैसला खिलाड़ियों ने लिया है, तो वे सामने आकर ऐसा कह सकते हैं। लेकिन जब बोर्ड यह तय करता है कि आप नहीं खेलेंगे, तो देश की इज्जत कम होती है। पाकिस्तान के लिए हालात अच्छे नहीं दिख रहे हैं। आप पीढ़ी को खत्म कर रहे हैं। पाकिस्तान ने सालों से हमें शानदार टैलेंट दिए हैं, लेकिन अगर आप इन लड़कों को वर्ल्ड कप खेलने नहीं देंगे, तो आप खेल को नुकसान पहुंचा रहे हैं और अपने ही खिलाड़ियों के साथ नाइंसाफी कर रहे हैं।’
