Auto Sales March 2026: मार्च का महीना खत्म होते ही 2025-26 वित्त वर्ष भी खत्म हो गया। ऐसे में अब नए महीने की शुरुआत के साथ नए वित वर्ष 2026-27 की शुरुआत हो गई है। नए महीने के साथ वाहन कंपनियां अपनी बिक्री की जानकारी साझा करती हैं। ऐसे में मार्च 2026 के दौरान मारुति सुजुकी, टाटा मोटर्स महिंद्रा और हुंडई मोटर्स समेत कई अन्य कंपनियों ने अपनी सेल्स रिपोर्ट शेयर कर दी है। मार्च में नई गाड़ी खरीदने वाले ग्राहकों ने एक बार फिर मारुति सुजुकी पर विश्वास दिखाया। 31 दिनों के दौरान इस देसी कंपनी ने फिर से देश में सबसे ज्यादा गाड़ियों की सेल दर्ज की।
मार्च 2026 में ऑटो बिक्री में टाटा ने महिंद्रा को छोड़ा पीछे
टाटा मोटर्स के मुताबिक, मार्च 2026 के दौरान कंपनी ने पीवी यानी यात्री वाहनों की घरेलू बाजार में 70837 यूनिट्स की बिक्री दर्ज हुई। जबकि बीते साल इसी समय के दौरान 51872 यूनिट्स की सेल रिकॉर्ड की गई थी। ऐसे में सालाना आधार पर कंपनी की बिक्री में 37 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज हुई। वहीं. एमएंडएम यानी महिंद्रा एंड महिंद्रा के अनुसार, मार्च 2026 में कुल 104680 एसयूवी यूनिट्स की बिक्री हुई। जोकि पिछले साल के मुकाबले 24.8 प्रतिशत अधिक है।
मार्च 2026 में ऑटो बिक्री में मारुति सुजुकी ने कायम रखा अपना दबदबा
उधर, हुंडई मोटर इंडिया के अनुसार, मार्च 2026 में कंपनी ने कुल 69004 यूनिट्स की बिक्री दर्ज की है। इस बिक्री में घरेलू हिस्सा 55064 यूनिट्स तक पहुंच गया। यह सेल कंपनी की शुरुआत से लेकर अब तक किसी भी मार्च महीने के लिए सबसे अधिक घरेलू बिक्री का आंकड़ा है। इसे 6.3 फीसदी की सालाना ग्रोथ से और मजबूती मिली। घरेलू सफलता के अलावा, एक्सपोर्ट ऑपरेशन्स ने भी तिमाही आंकड़ों में अहम योगदान दिया। कुल 41697 यूनिट्स एक्सपोर्ट की गईं, जो 9.4 प्रतिशत की सालाना ग्रोथ दिखाती हैं।
इसके अलावा, देश की सबसे बड़ी कार बनाने वाली कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया ने मार्च 2026 में 2.3 लाख यूनिट्स यात्री वाहनों की बिक्री दर्ज की। यह आंकड़ा पिछले साल के इसी समय के मुकाबले 19.8 प्रतिशत अधिक है। मार्च 2025 में कंपनी ने 1.92 लाख यूनिट्स की सेल दर्ज की थी। इस तरह से मार्च 2026 की कारों की बिक्री के मामले में मारुति सुजुकी ने अपना दबदबा कायम रखा।






