Noida International Airport: देश के सबसे चर्चित और एशिया के सबसे बड़े एयरपोर्ट के संचालन को लेकर सुगबुगाहट तेज हो गई है। दरअसल डीजीसीए ने नोएडा एयरपोर्ट के लिए एयरोड्रोम लाइसेंस जारी कर दिया है। बताते चले कि इसी लाइसेंस की वजह से ही एयरपोर्ट के उद्घाटन में लगातार देरी हो रही थी। वहीं बीते दिन गृह मंत्रालय की तरफ से सिक्योरिटी क्लियरेंस मिला था। कई मायनों में यह एयरपोर्ट एक गेमचेंजर साबित होने जा रहा है। सबसे खास बात है कि इससे दिल्ली एयरपोर्ट का दवाब कम होगा। इसके अलावा कई शहरों के लिए यह काफी अहम होने जा रही है। जानकारी के मुताबिक कई शहरों के बीच फ्लाइटों का संचालन शुरू हो सकता है।
Noida International Airport को डीजीसीए की हरी झंडी
जानकारी के मुताबिक डीजीसीए की तरफ से आखिरकार एयरोड्रम लाइसेंस मिल गया है। यह एयरपोर्ट के शुरू होने से पहले की सबसे आखिरी बड़ी मंजूरी मानी जाती है। दरअसल इस लाइसेंस के मिलने का मतलब है कि एयरपोर्ट सुरक्षा, ऑपरेशन और तकनीकी मानकों पर खरा उतर चुका है। रिपोर्ट्स के अनुसार अगले 45 दिनों के भीतर उड़ानें शुरू हो सकती हैं। माना जा रहा है कि पीएम मोदी मार्च के अंत तक इस एयरपोर्ट का उद्घाटन कर सकते है।
इसके अलावा अप्रैल से कई शहरों के उड़ानें संचलित हो सकती है। हालांकि अधिकारिक तौर पर इसको लेकर जानकारी सामने नहीं आ रही है, लेकिन माना जा रहा है कि जल्द इसका ऐलान संभव है। साथ ही पश्चिमी यूपी और एनसीआर में कनेक्टिविटी, पर्यटन और निवेश भी बढ़ने की उम्मीद है।
इन शहरों के बीच हो सकता है फ्लाइटों का संचालन
नवभारत टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से करीब 10 शहरों के बीच फ्लाइटों का संचालन शुरू हो सकता है। अगर शहरों की बात करें तो उसमे नोएडा से चंडीगढ़, हैदराबाद, बेंगलुरू, चेन्नई, मुंबई, लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर,अहमदाबाद और जयपुर के बीच उड़ानें संचालित हो सकती है। इसके अलावा यह एयरपोर्ट पश्चिमी यूपी के कई शहरों के लिए एक गेमचेंजर साबित होने जा रहा है। जिसमे, मेरठ, पलवल, बुलंदशहर, ग्रेटर नोएडा, नोएडा, गाजियाबाद समेत कई शहर शामिल है। एयरपोर्ट के संचालन से रोजगार में भी जबरदस्त बढ़ोतरी की उम्मीद है।






