Pahalgam Attack Anniversary: देशवासियों के लिए आज काला दिन है। आज ही के दिन गत वर्ष कश्मीर के पहलगाम में स्थित बैसरन घाटी में आतंकियों ने 26 मासूम पर्यटकों को मौत के घाट उतारा था। पाकिस्तानी आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के मुखौटे ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ ने इस हमले को अंजाम दिया था। पहलगाम आतंकी हमले को हुए आज पूरे एक वर्ष हुए। इस दौरान घाटी में कई चीजें बदल चुकी हैं।
सेना के साथ जम्मू-कश्मीर पुलिस की तैनाती घाटी की संवेदनशीलता दर्शा रही है। विगत वर्ष आज ही के दिन पहलगाम में पर्यटकों पर हुए हमले से पूरा देश दहल उठा था। तब आतंक का पनाहगार पाकिस्तान पूरी दुनिया में बेनकाब हुआ और भारतीय सेना ने सख्ती से कार्रवाई कर आतंकियों को सबक सिखाया था। सेना ने एक बार फिर पहलगाम आतंकी हमले की बरसी पर आतंकियों को करारा जवाब दिया है।
Pahalgam Attack Anniversary पर भारतीय सेना का सख्त जवाब
कश्मीर की बैसरन घाटी में 22 अप्रैल 2025 को हुए आतंकी हमले को याद करते हुए भारतीय सेना ने आतंकवादियों को सख्त जवाब दिया है। सेना की ओर से एक्स पोस्ट जारी कर जवाबी कार्रवाई की बात कही गई है। भारतीय सेना का साफ कहना है कि देश के खिलाफ किए गए हर दुस्साहस का जवाब निश्चित है। जब मानवता की सीमाएं पार हो जाती हैं, तो जवाब निर्णायक होता है। न्याय दिया गया है। भारत एकजुट खड़ा है।
भारतीय सेना का ये जवाब आतंकवादियों के लिए सीधी चुनौती है। दुनिया इस बात का गवाह बन चुकी है कि कैसे पहलगाम आतंकी हमले के बाद सेना ने ऑपरेशन सिंदूर कर आतंकियों को धूल चटाया था। इस्लामाबाद से मुजफ्फराबाद, कराची, लाहौर समेत पाकिस्तान के तमाम शहरों में दहशत फैल गई थी। सेना का साफ संदेश है कि यदि आतंकियों ने भारत को चुनौती देने की जुर्रत कि तो जवाब बेहद सख्त होगा।
आतंक के पनाहगार पाकिस्तान की करतूत से दहल उठी थी बैसरन घाटी
22 अप्रैल 2025 की सुबह बैसरन घाटी के लिए सामान्य सी थी। पर्यटक अपने परिजनों के साथ घाटी के सुहाने मौसम का आनंद ले रहे थे। चहल-पहल के बीच सभी खुशी से अपनी छुट्टियां मना रहे थे। तभी आतंकवादियों ने निहत्थे पर्यटकों पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। इस आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी जिससे देश दहल उठा था। आतंक के पनाहगार पाकिस्तान की इस हमले में भूमिका रही थी।
स्थिति को देखते हुए भारतीय सेना ने मई के पहले सप्ताह में ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से आतंकियों पर हमला किया। भारतीय सेना ने 100 से अधिक आतंकवादियों को मार गिराया था। पाकिस्तान में कई आतंकी ठिकाने तबाह किए गए थे। इससे इतर पाकिस्तान से सभी व्यापारिक रिश्तों और सिंधु जल संधि को निलंबित किया गया। आतंक के पनाहगार को भारत ने पहलगाम हमले के बदले ऐसा सबक सिखाया कि उसे आजीवन याद रहेगा।






