Rain Alert 9 April 2026: बीते कुछ दिनों से मौसम की आंख मिचौली जारी है। कई जगहों पर तो स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है। वहीं पहाड़ों की बात करें तो ऐसा लगा रहा है मानो जनवरी का महीना जारी है। कई जगहों पर तो भीषण बर्फबारी जारी है। जिससे स्थिति चिंताजनक बन गई है। मालूम हो कि 19 अप्रैल से चारधाम यात्रा शुरू होने वाली है, लेकिन केदारनाथ और बद्रीनाथ पर लगातार बर्फबारी हो रही है, जिससे कई फुट बर्फ जमा हो गई है। केदारनाथ में होटल, रेस्टोरेंट मालिकों और वहां पर दुकान लगाने वाले लोगों की टेंशन बढ़ गई है। इसके अलावा मैदानी इलाकों में बारिश के साथ कई जगहों पर बिजली गिरने की खबरें सामने आ रही है। चलिए आपको बताते है देशभर का वेदर रिपोर्ट।
उत्तराखंड, जम्मू कश्मीर में बर्फबारी से मचा तांडव
बीते कई दिनों से उत्तराखंड में मौसम का तांडव जारी है। लगातार बर्फबारी के कारण कई जगहों पर दूर, दूर तक सिर्फ बर्फ की चादर दिखाई दे रही है। इसके अलावा निचले इलाकों में जून-जुलाई जैसी बारिश अप्रैल से ही हो रही है। वहीं अगर उत्तराखंड में कल के मौसम की बात करें तो विभाग ने रूद्रप्रयाग, केदारनाथ, बद्रीनाथ, यमुनोत्री, गंगोत्री, तुंगनाथ समेत कई जगहों पर हिमपात का अलर्ट जारी कर दिया है। इसके अलावा जम्मू कश्मीर में भी विभाग की तरफ से अलर्ट जारी कर दिया गया है। विभाग ने गुलमर्ग, पहलगाम, पटनीटॉप में बर्फबारी और बारिश का अलर्ट जारी कर दिया है।
इन जगहों पर बिजली गिरने का अलर्ट – Rain Alert 9 April 2026
बता दें कि बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में बिजली गिरने का अलर्ट जारी कर दिया गया है। सोशल मीडिया पर कई ऐसी वीडियो सामने आ रही है, जहां पेड़ पर आसमानी बिजली गिरने से आग लग गई। साथ ही विभाग की तरफ से लगातार इस दौरान लोगों को घरों में रहने के लिए कहा जा रहा है। इसके अलावा उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 9 से 12 अप्रैल के दौरान छिटपुट से मध्यम हल्की से मध्यम वर्षा, गरज, बिजली और तेज हवाएं (गति 30-50 किमी प्रति घंटा, झोंके 60 किमी प्रति घंटा तक) चलने की संभावना है।
गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड में 9 अप्रैल को ओडिशा में 9 और 10 अप्रैल को यही स्थिति रहेगी। साथ ही पश्चिम बंगाल में 9 अप्रैल को गरज के साथ आंधी (हवा की गति 60-70 किमी प्रति घंटा, झोंके 80 किमी प्रति घंटा तक) चलने की संभावना है।
पंजाब, हरियाणा समेत इन इलाकों में गिरेंगे ओले
देश के कई हिस्सों में लगातार ओलावृष्टि जारी है। विभाग ने एक बार फिर हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश,मध्य प्रदेश के कई इलाकों में ओलावृष्टि का अलर्ट जारी कर दिया है।
अगर दक्षिण भारत की बात करें तो 9 अप्रैल को तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में छिटपुट हल्की से मध्यम बारिश, गरज, बिजली और तेज हवाओं (40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार तक) की संभावना है, जबकि तमिलनाडु और तेलंगाना में बिजली गिरने का अलर्ट जारी कर दिया गया है।






