CM Yogi Adityanath: फरवरी और मार्च के महीने में आमतौर पर देशभर में स्कूलों बोर्ड परीक्षा का टाइम होता है। ऐसे में एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘परीक्षा पर चर्चा’ कार्यक्रम के जरिए छात्रों के साथ बातचीत कर रहे हैं। ताकि उनके सवालों और कुछ छोटी दिक्कतों को दूर किया जा सके। इससे छात्रों को एक मोटिवेशन भी मिलता है। यही वजह है कि उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने ‘योगी की पाती’ के जरिए प्रदेश के सभी बच्चों से खास अपील करते हुए उन्हें कुछ जरूरी विषयों पर जानकारी दी। यूपी सीएम ने एक्स यानी ट्विटर पर इस बाबत में एक लंबा-चौड़ा पोस्ट लिखकर बताया।
CM Yogi Adityanath ने ‘योगी की पाती’के जरिए बच्चों को दिया खास संदेश
बीजेपी के सीनियर लीडर और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने लिखा, ‘प्यारे बच्चों, आपकी सुरक्षा, उत्तम स्वास्थ्य एवं सफलता हमारी सरकार की प्राथमिकता है। आज मैं तीन महत्वपूर्ण बिंदु आपसे साझा करना चाहता हूं। आकाश में ऊंची उड़ती पतंग सबको अच्छी लगती है। आपको भी पतंग उड़ाने में मजा आता होगा। लेकिन, चाइनीज मांझे से आपको पूरी तरह दूर रहना है। तेज धार वाले इस मांझे का उपयोग कानूनन अपराध हैं। पूरे प्रदेश में इसकी बिक्री, भंडारण और उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित है।’
उन्होंने कहा, ‘चाइनीज मांझे से होने वाली जनहानि को देखते हुए प्रदेशव्यापी अभियान चलाया जा रहा है। आपको भी इसमें सहयोग करना है। स्वयं इसका उपयोग न करें एवं दोस्तों को भी जागरूक करें। कोई दुकानदार या अन्य व्यक्ति चाइनीज मांझे की बिक्री करता दिखे, तो परिजनों की सहायता से पुलिस को सूचित करें।’
प्यारे बच्चों,
आपकी सुरक्षा, उत्तम स्वास्थ्य एवं सफलता हमारी सरकार की प्राथमिकता है। आज मैं तीन महत्वपूर्ण बिंदु आपसे साझा करना चाहता हूं… pic.twitter.com/zFLxLuUPr3
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) February 9, 2026
सीएम योगी आदित्यनाथ ने बच्चों की मोबाइल की लत पर कही ये बात
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने बताया, ‘दूसरा महत्वपूर्ण बिंदु है- मोबाइल की लत। बच्चों, मोबाइल आपका मूल्यवान समय चुरा लेता है और आपको पता ही नहीं चलता। एक गेम या वीडियो देखने के लिए उठाया मोबाइल कई घंटे नष्ट कर देता है। आंखें कमजोर करता है एवं पढ़ाई में बाधा डालता है। इसके स्थान पर कोई रुचि विकसित करें। पुस्तकों से मित्रता करें। मित्रों के साथ खेलकूद में भाग लें। परिवार के साथ समय बिताएं। मोबाइल का उपयोग सीमित समय के लिए करें।’
उन्होंने आगे कहा, ‘यह समय वैसे भी मोबाइल से दूर रहने का है। बोर्ड परीक्षाएं निकट हैं। पूरे वर्ष आपने लगन और परिश्रम से तैयारी की है। परीक्षा कक्ष में आत्मविश्वास के साथ प्रवेश करें, प्रश्नपत्र को ध्यान से पढ़ें एवं बिना घबराए सहजता से उत्तर लिखें। अपने प्रयास एवं अनुशासन में कमी न रखें और नकारात्मक विचारों से दूर रहें। श्रीमद्भगवद्गीता में भगवान श्रीकृष्ण कहते हैं- ‘कर्मण्येवाधिकारस्ते मा फलेषु कदाचन’ अर्थात मनुष्य का अधिकार केवल कर्म पर है, उसके परिणाम पर नहीं। आपकी सीखने की ललक और परिश्रम ही सबसे महत्वपूर्ण हैं। सभी विद्यार्थियों को आगामी परीक्षाओं के लिए हृदय से शुभकामनाएं।’
