NEET UG 2026 Paper Leak: अगर आपने कभी नीट यानी राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा का नाम नहीं भी सुना या पढ़ा था, तो अब पता चल गया होगा। इन दिनों देश में नीट यूजी 2026 पेपर लीक मामले को लेकर काफी हल्ला मचा हुआ है। पेपर लीक की जांच सीबीआई यानी केंद्रीय जांच ब्यूरो कर रही है। मगर जांच के बीच में जो उम्मीदवार पूरी मेहनत के साथ पेपर देकर आए थे, उनकी दुखद खबरें सामने आ रही है। नीट परीक्षा रद्द होने के बाद राजस्थान के एक छात्र ने आत्महत्या कर ली। वहीं, दिल्ली यूनिवर्सिटी के वीसी यानी वाइस चांसलर योगेश सिंह ने एनटीए यानी नेशनल टेस्टिंग एजेंसी पर बड़ा आरोप लगाया।
नीट यूजी 2026 पेपर लीक का झटका नहीं झेल सका छात्र, सचिन पायलट ने जताया अफसोस
जानकारी के मुताबिक, नीट यूजी 2026 पेपर लीक के बीच शुक्रवार को राजस्थान के सीकर में नीट की तैयारी कर रहे एक छात्र ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बताया कि यह छात्र पिछले तीन सालों से नीट परीक्षा की तैयारी करते हुए शहर के जलधारी नगर इलाके में अपनी दो बहनों के साथ एक किराए के कमरे में रह रहा था। नीट उम्मीदवार ने अपनी बहन के स्कार्फ का इस्तेमाल करके खुद को फांसी लगा ली। मृतक की बड़ी बहन ने उसे फांसी पर लटका हुआ पाया और पुलिस को सूचना दी।
उधर, कांग्रेस नेता और राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने एक्स यानी ट्विटर पर पोस्ट कर इस हादसे पर अफसोस जताया। उन्होंने कहा, ‘नीट परीक्षा की तैयारी कर रहे झुंझुनूं जिले के गुढ़ागौड़जी निवासी छात्र प्रदीप की आत्महत्या बेहद दुखद है। इसी प्रकार गोवा और उत्तर प्रदेश से नीट 2026 पेपर लीक से जुड़ी घटनाओं के बाद छात्रों की आत्महत्याओं की खबरें मन को विचलित करने वाली हैं। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है।’
NEET परीक्षा की तैयारी कर रहे झुंझुनूं जिले के गुढ़ागौड़जी निवासी छात्र प्रदीप की आत्महत्या बेहद दुःखद है। इसी प्रकार गोवा और उत्तर प्रदेश से NEET 2026 पेपर लीक से जुड़ी घटनाओं के बाद छात्रों की आत्महत्याओं की खबरें मन को विचलित करने वाली हैं। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति…
— Sachin Pilot (@SachinPilot) May 15, 2026
नीट यूजी 2026 पेपर लीक मामले पर डीयू के वीसी ने एनटीए को ठहराया जिम्मेदार
वहीं, दिल्ली यूनिवर्सिटी के वीसी योगेश सिंह ने नीट यूजी पेपर लीक मामले पर कहा, ‘मुझे एनटीए के संगठनात्मक ढांचे के बारे में बहुत ज्यादा जानकारी नहीं है, लेकिन यह सच है कि इसके लिए वे ही जिम्मेदार हैं। वे ही यह परीक्षा आयोजित करवा रहे थे, इसलिए यह सुनिश्चित करना उनकी ही जिम्मेदारी है कि इस तरह की चूक न हो।’
Delhi: On NEET-UG paper leak, Delhi University Vice Chancellor Yogesh Singh says, “I do not have a lot of detailed knowledge about the organizational structure of the NTA, but it is true that they are responsible for this. They were conducting this test, so it is their… pic.twitter.com/w2aMFFB0FB
— IANS (@ians_india) May 16, 2026
जांच एजेंसी सीबीआई ने किए अहम खुलासे
नीट यूजी 2026 पेपर लीक मामले पर सीबीआई ने कई बड़े खुलासे किए। सीबीआई ने पुणे के एक केमिस्ट्री लेक्चरर पी.वी. कुलकर्णी को 2026 की नीट यूजी प्रवेश परीक्षा का प्रश्न पत्र लीक करने के मामले में मास्टरमाइंड होने के आरोप में गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी का दावा है कि इस व्यक्ति ने एक गुप्त ट्यूशन सत्र के दौरान कई परीक्षार्थियों को प्रश्न लीक किए थे, जिसके चलते परीक्षा रद्द करनी पड़ी थी। जांच एजेंसी ने बताया कि पी.वी. कुलकर्णी एनटीए की ओर से परीक्षा प्रक्रिया से जुड़ा हुआ था, जिसने अब रद्द हो चुकी परीक्षा आयोजित की थी और इसलिए, 3 मई को आयोजित प्रवेश परीक्षा के प्रश्न पत्रों तक उसकी पहुंच थी।






