AFC Asian Cup 2026: 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल ने मिलकर ईरान पर हमला किया। ऐसे में ईरान के शीर्ष नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई। इसके बाद ईरान ने भी मध्य पूर्व में स्थित अमेरिका के कई मिलिट्री बेसों पर हमला किया। इस जंग की चर्चा दुनिया के हर देश में हो रही है। ऐसे में इस जंग का असर ऑस्ट्रेलिया में खेले जा रहे एएफसी एशियाई कप 2026 पर भी देखने को मिला। 2 मार्च को ऑस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में ईरान की महिला फुटबॉल टीम का मुकाबला साउथ कोरिया के साथ हुआ। इस मैच के दौरान ईरान की महिला फुटबॉल टीम ने साइलेंट प्रोटेस्ट किया और राष्ट्रगान गाने से इनकार कर दिया।
AFC Asian Cup 2026 मुकाबले से पहले ईरान की महिला फुटबॉल टीम ने किया विरोध
बता दें कि गोल्ड कोस्ट में ईरान की महिला फुटबॉल टीम की कप्तान जहरा घनबारी और ईरान की हेड कोच मरजियाह जाफरी ने अपने देश के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत पर कमेंट करने से मना कर दिया। उन्होंने कहा कि टीम को टूर्नामेंट पर फोकस करने की जरूरत है। मरजियाह जाफरी ने कहा, ‘ठीक है, मुझे लगता है कि आपका सवाल बस इतना ही है। पूछने के लिए धन्यवाद। चलिए अब सिर्फ गेम पर ध्यान देते हैं।’
मालूम हो कि ईरान पर हुए हमलों का असर देश के बाकी हिस्सों पर भी पड़ा है। फुटबॉल फेडरेशन के प्रेसिडेंट ने इस साल के फीफा वर्ल्ड कप में खेलने को लेकर निराशा जताई है। ईरान पहले ही टूर्नामेंट के लिए क्वालिफाई कर चुका है और जून में लॉस एंजिल्स में न्यूजीलैंड का सामना करके अपने ग्रुप जी शेड्यूल की शुरुआत करेगा। हालांकि, अभी तक यह तय नहीं है कि ईरान इसमें भाग लेगा या नहीं।
एएफसी एशियाई कप 2026 में हार के साथ हुई ईरान की शुरुआत
उधर, गोल्ड कोस्ट में एएफसी एशियाई कप 2026 मुकाबले के दौरान साउथ कोरिया की टीम ने पहले हाफ में 20 शॉट लगाए, लेकिन 37वें मिनट में चोई यू-री के गोल से वे सिर्फ 1-0 से आगे थे। इसके बाद मैच के 59वें मिनट में पेनल्टी स्पॉट से टीम ने गोल किया। आखिर में 75वें मिनट में सही टाइमिंग के साथ साउथ कोरिया ने गोल दागा। इस तरह से साउथ कोरिया ने 3 गोल दागे। ईरान की टीम ने मजबूत डिफेंस किया, मगर मुकाबला नहीं जीत सकी। इसके साथ ही ईरान ने अपने अभियान की शुरुआत हार के साथ की। साउथ कोरिया से हारने के बाद ईरान को अब अगला मुकाबला वीरवार को गोल्ड कोस्ट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलना है।






