DNP India Hindi

Imran Khan: जिसने पाकिस्तान को विश्वकप चैंपियन बनाया, उस खिलाड़ी को इलाज दिलाने के लिए आगे आए कपिल देव समेत 14 धुरंधर कप्तान; जानें डिटेल

Imran Khan

Photo Credit: Google

Imran Khan: साल 1992 को पाकिस्तान की क्रिकेट टीम कभी नहीं भूलेगी, क्योंकि इसी साल इमरान खान की अगुवाई वाली टीम ने दुनिया को अपनी ताकत दिखाते हुए एकदिवसीय विश्वकप जीता था। यह वही इमरान खान थे, जो अब पूर्व पाकिस्तानी प्रधानमंत्री बनकर रह गए हैं। मंगलवार को वर्ल्ड क्रिकेट के 14 पूर्व अंतर्राष्ट्रीय कप्तानों ने एक साथ आकर पाकिस्तान की शहबाज शरीफ सरकार से इमरान खान को उचित इलाज देने की अपील की। इसमें भारत के पूर्व कप्तान कपिल देव का भी नाम है।

Imran Khan को इलाज दिलाने के लिए आगे आए 14 पूर्व कप्तान

बता दें कि 73 वर्षीय इमरान खान बीते ढाई सालों से पाकिस्तान की जेल में बंद है। ऐसे में बीते दिनों उनके स्वास्थ्य में गिरावट की जानकारी सामने आई। पाकिस्तानी सरकार को भेजे गए पत्र में हस्ताक्षर करने वालों में माइकल एथरटन, एलन बॉर्डर, माइकल ब्रियरली, ग्रेग चैपल, इयान चैपल, बेलिंडा क्लार्क, सुनील गावस्कर, डेविड गॉवर, किम ह्यूजेस, नासिर हुसैन, क्लाइव लॉयड, कपिल देव, स्टीफन वॉ और जॉन राइट शामिल हैं।

पत्र में कहा गया, ‘हम, हमारी नेशनल क्रिकेट टीमों के पूर्व कप्तान, पाकिस्तान के जाने-माने पूर्व कप्तान और वर्ल्ड क्रिकेट के एक महान व्यक्ति, इमरान खान के साथ कथित तौर पर किए गए बर्ताव और जेल की हालत पर गहरी चिंता के साथ लिख रहे हैं।’ आगे कहा गया, ‘हममें से कई लोगों ने उनके खिलाफ मुकाबला किया, उनके साथ मैदान शेयर किया, या उनकी हरफनमौला काबिलियत, करिश्मा और मुकाबले की भावना को अपना आदर्श मानते हुए बड़े हुए। वह इस खेल के अब तक के सबसे बेहतरीन ऑलराउंडर और कप्तानों में से एक हैं।’

इमरान खान को जेल में नहीं मिल रहा सही इलाज!

मालूम हो कि पूर्व पाकिस्तानी पीएम इमरान खान को लेकर पिछले दिनों जानकारी सामने आई थी कि उनकी एक आंख की लगभग 85 प्रतिशत रोशनी जा चुकी है। बताया जा रहा है कि उन्हें जेल में सही इलाज नहीं दिया गया। गौरतलब है कि इमरान खान साल 2022 में पाकिस्तान की सत्ता से हटाए जाने के बाद अगस्त 2023 से जेल में हैं। पाकिस्तान के पूर्व कप्तान पर भ्रष्टाचार के कई चार्ज भी लग रहे हैं और दिसंबर 2025 में आए नए फैसले के बाद वह अभी 31 साल की सजा काट रहे हैं।

Exit mobile version