Vaibhav Sooryavanshi: 15 साल का क्रिकेटर लगातार अपनी तूफानी पारी से दर्शकों और दिग्गज क्रिकेटरों का मन मोह रहा है। आपने पढ़ लिया होगा कि हम वैभव सूर्यवंशी की बात कर रहे हैं। बीते दिन गुवाहाटी के बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम में आईपीएल 2026 का आरआर यानी राजस्थान रॉयल्स बनाम एमआई यानी मुंबई इंडियंस के मध्य मैच खेला गया। मुकाबला मुंबई की टीम हार गई, मगर टीम के कप्तान हार्दिक पांड्या ने उभरते हुए युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी की जमकर तारीफ की।
वैभव सूर्यवंशी की तारीख में खुलकर बोले एमआई के कैप्टन हार्दिक पांड्या
एमआई के कैप्टन हार्दिक पांड्या ने युवा स्टार क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी के लिए दिल खोलकर प्रशंसा की। हार्दिक ने मैच के बाद कहा, ’17 या 16 साल के लड़के को जिस तरह से खेलते हुए देखना, वाकई बहुत दिलचस्प है। साथ ही, मैच की तैयारी के दौरान हमने उसके बारे में काफी चर्चा भी की थी।’ उन्होंने आगे कहा, ‘तो हां, जिस तरह से वह बैटिंग करता है, उसमें जो निडरता है और जिस तरह के शॉट्स वह खेलता है, उसे देखना कमाल का अनुभव है। मैं उसके भविष्य के लिए उसे ढेर सारी शुभकामनाएं देता हूं।’
वैभव सूर्यवंशी ने फिर खेली तूफानी पारी
उधर, वैभव सूर्यवंशी की बैटिंग की बात करें, तो एमआई के खिलाफ 15 साल के क्रिकेटर ने 14 गेंदों में 39 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 5 सिक्स निकले। युवा खिलाड़ी ने एमआई के जसप्रीत बुमराह और ट्रेंट बोल्ट जैसे दिग्गज पेस बॉलर्स को भी लंबे-लंबे छक्के लगाए। हालांकि, वैभव अपनी फिफ्टी से चूक गए, मगर उनकी छोटी सी इनिंग की सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हो रही है।
वहीं, मुकाबले की बात करें, तो गुवाहाटी के बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम में मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर पहले बॉलिंग का निर्णय लिया। ऐसे में आरआर ने पहले खेलते हुए 11 ओवरों में 3 विकेट खोकर 150 रन बना दिए। इस दौरान यशस्वी जायसवाल ने 32 गेंदों में 77 रनों की धमाकेदार पारी खेली। जबकि मुंबई की टीम 151 रनों का पीछा करने उतरी तो 11 ओवर में 123 रन ही बना सकी। इस तरह से आरआर ने इस मैच को 27 रनों से जीत लिया।
