ChatGPT AI Speaker: अगर आप सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते हैं, तो आपने चैटजीपीटी का नाम तो सुना या पढ़ा ही होगा। एआई के दौर में हर कंपनी अपने ग्राहक बनाने में लगी हुई है। इसके लिए भारत समेत दुनियाभर की एआई कंपनियों ने अपने प्रीमियम प्लान्स को मुफ्त में देने का ऐलान भी कर दिया है। ऐसे में साफ है कि एआई की पहुंच अब काफी तेजी से लोगों तक बढ़ रही है। इसी बीच अमेरिकी टेक कंपनी और चैटजीपीटी मेकर ओपनएआई जल्द ही कुछ बड़ा कर सकती है। जी हां, हालिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि टेक कंपनी चैटजीपीटी एआई स्पीकर पर तेजी से काम कर रही है।
ChatGPT AI Speaker में मिल सकती हैं कई खूबियां
अभी तक ओपनएआई का जलवा सिर्फ सॉफ्टवेयर सेगमेंट तक सीमित है। मगर अब टेक कंपनी हार्डवेयर यानी अपने पहले डिवाइस को लाने की योजना बना रही है। कुछ लेटेस्ट रिपोर्ट्स में बताया गया है कि ओपनएआई प्रमुख सैम ऑल्टमैन अपने पहले डिवाइस चैटजीपीटी एआई स्पीकर में कई यूनिक और एडवांस खूबियों को शामिल किया जा सकता है। बताया जा रहा है कि ओपनएआई के पहले हार्डवेयर में इन बिल्ट कैमरा हो सकता है। इसका काम आसपास की चीजों को पहचानना और लोगों के साथ बातचीत करना हो सकता है। दावा किया जा रहा है इस डिवाइस के जरिए यूजर्स एप्पल फेसआईडी की तरह डिवाइस को अनलॉक करने या खरीदारी करने के लिए फेस रिकग्निशन का इस्तेमाल कर सकते हैं।
चैटजीपीटी एआई स्पीकर से यूजर्स को होंगे कई फायदे
उधर, चैटजीपीटी एआई स्पीकर के जरिए यूजर्स को कई तरह के फायदे मिल सकते हैं। चैटजीपीटी एआई स्पीकर के जरिए यूजर्स अधिक स्मार्ट तरीके से किसी भी सवाल का जवाब जान सकते हैं। यह डिवाइस अमेजन एलेक्सा और गूगल असिस्टेंस के मुकाबले बेहतर और लंबे जवाब भी दे सकता है। इस डिवाइस के जरिए घर के कई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसेस को सीधे कंट्रोल कर सकते हैं।
साथ ही ऑफिस में मीटिंग नोट्स बोलकर बनवाना, ईमेल ड्राफ्ट करवाना और दिन का शेड्यूल मैनेज करने जैसे काम भी यह डिवाइस कर सकता है। कंपनी इसमें इंग्लिश के साथ ही हिंदी समेत कई भारतीय भाषाओं का सपोर्ट शामिल कर सकती है। यह एआई स्पीकर 2027 के आखिर तक मार्केट में आ सकता है। इसका संभावित दाम 18 से 27000 रुपये के बीच रह सकता है। हालांकि, अभी तक कंपनी ने इस बारे में कुछ भी ऑफिशियल नहीं किया है।
