RSS Event Mumbai: माया नगरी में आरएसएस की शताब्दी वर्ष पर एक कार्यक्रम क्या हुआ कि मुंबई से दिल्ली तक सियासी पारा चढ़ गया है। इस कार्यक्रम में बॉलीवुड जगत की कई हस्तियों ने शिरकत की। अभिनेता सलमान खान का नाम उसमें प्रमुख है। सलमान खान के आरएसएस द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पर घमासान मचा है। मंत्री नीतेश राणे ने इस प्रकरण पर टिप्पणी करते हुए उद्धव ठाकरे को निशाने पर लिया है। फडणवीस सरकार में मंत्री नीतेश राणे ने कहा कि सलमान खान उद्धव ठाकरे से ज्यादा हिंदू हैं ऐसा मानता हूं मैं। मंत्री राणे के इस बयान के बाद दिल्ली से मुंबई तक प्रतिक्रियाओं का दौर शुरू है।
सलमान खान के RSS कार्यक्रम में जाने पर मंत्री राणे की टिप्पणी
महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नीतेश राणे ने सलमान खान के आरएसएस कार्यक्रम में जाने पर ऐसी टिप्पणी की है कि संग्राम मचा है।
“सलमान ख़ान, उद्धव ठाकरे से ज्यादा बड़ा हिंदू है” : RSS के कार्यक्रम में सलमान के शामिल होने पर बोले बीजेपी नेता नितेश राणे#NiteshRane #SalmanKhan #UddhavThackeray #ABPNews pic.twitter.com/pkJ9dLNbFS
— ABP News (@ABPNews) February 10, 2026
नीतेश राणे ने इस प्रकरण में उद्धव ठाकरे का नाम खींच लिया है। उन्होंने कहा कि “सलमान खान उद्धव ठाकरे से ज्यादा हिंदू हैं ऐसा मानता हूं मैं। क्योंकि उन्होंने हिम्मत तो दिखाई आरएसएस के कार्यक्रम में आकर उन्होंने बैठने की हिम्मत तो दिखाई। पर ये उद्धव ठाकरे साधारण तौर पर राहुल गांधी के सामने अपने पिता जी (बाला साहेब ठाकरे) को हिंदू हृदय सम्राट बोलने की हिम्मत नहीं रखते हैं। इसलिए मुझे लगता है सलमान खान उद्धव ठाकरे से ज्यादा बड़ा हिंदू है।”
इससे पूर्व एकनाथ शिंदे ने भी इस प्रकरण पर प्रतिक्रिया देते हुए सामान्य बताया था। डिप्टी सीएम शिंदे ने कहा कि सलमान खान गणपति पूजा करने वालों में से हैं। उनका आरएसएस द्वारा आयोजित कार्यक्रम में जाना कोई असामान्य बात नहीं है।
नेहरू सेंटर ऑडिटोरियम में लगा दिग्गजों का जमावड़ा!
7 और 8 फरवरी का दिन मुंबई की सियासत के लिहाज से बेहद अहम था। दरअसल, इस दिन मुंबई के नेहरू सेंटर ऑडिटोरियम में आरएसएस की शताब्दी वर्षी पर खास कार्यक्रम आयोजित किया गया था। संघ के इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दिग्गजों का जमावड़ा लगा। बॉलीवुड जगत से सलमान खान, जैकी श्रॉफ, रणवीर कपूर, विक्की कौशल, करण जौहर, शिल्पा शेट्टी, संजय दत्त, अनन्या पांडे, सुभाष घई, रूपाली गांगुली और रवीना टंडन समेत कई अन्य हस्तियों ने शिरकत की। इसमें सबसे अहम रहा सलमान खान का आना और संघ प्रमुख मोहन भागवत का संबोधन सुनना। इस प्रकरण ने सियासी पारा को इस कदर चढ़ा दिया है कि मुंबई से दिल्ली तक तल्ख प्रतिक्रियाओं का दौर जारी है।






