India Iran Advisory: पश्चिम एशिया में गहरा रहे संकट पर अल्पविराम सा लगा है। अमेरिका के साथ इजरायल और ईरान भी युद्धविराम पर सहमत हैं। इसी बीच तेहरान में स्थित भारतीय दूतावास की ओर से एडवाइजरी साझा की गई है। ताजा हालात को देखते हुए भारतीय दूतावास ने ईरान के विभिन्न शहरों में रहने वाले भारतीयों को मुल्क छोड़ने की सलाह दी है। मुल्क छोड़ने के दौरान भारतीय दूतावास द्वारा दिए गए परामर्श और समन्वय को ध्यान में रखना अहम है। भारतीय दूतावास की एडवाइजरी ऐसे समय में आई है जब यूएस-इजरायल-ईरान सीजफायर को लेकर सहमति व्यक्त कर चुके हैं।
सीजफायर ऐलान के बीच भारतीय दूतावास की एडवाइजरी!
ईरान में स्थित भारतीय दूतावास की ओर से भारतीयों के लिए खास एडवाइडरी साझा की गई है।
⚠️ Advisory as on 08 April 2026. pic.twitter.com/pusFQIAKKI
— India in Iran (@India_in_Iran) April 8, 2026
एडवाइजरी में भारतीयों को शीघ्र मुल्क छोड़ने की सलाह दी गई है। दूतावास की ओर से जारी पत्र में लिखा गया है कि “7 अप्रैल 2026 की सलाह के क्रम में और हाल के घटनाक्रमों को देखते हुए, ईरान में मौजूद भारतीय नागरिकों को दूतावास के समन्वय से और दूतावास द्वारा सुझाए गए मार्गों का उपयोग करते हुए शीघ्र ही ईरान छोड़ने की सलाह दी जाती है। दूतावास से परामर्श और समन्वय के बिना किसी भी अंतरराष्ट्रीय भूमि सीमा के पास जाने का प्रयास न करें।”
दूतावास की ओर से आपातकालीन नंबर भी साझा किए गए हैं जो निम्नलिखित हैं: +989128109115, +989128109102, +989128109109, +989932179359
इन संपर्क सूत्रों पर संपर्क कर तत्काल रूप से मदद ली जा सकती है।
भारतीयों से दूतावास की खास गुजारिश!
राजधानी तेहरान में स्थित भारतीय दूतावास ने ईरान में रहने वाले भारतीयों से इससे पूर्व भी खास गुजारिश की थी। सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए भारतीयों को अपने घरों के अंदर रहने की बात कही गई थी। इसके साथ ही भारतीय लोगों से दूतावास ने ईरानी सैन्य प्रतिष्ठानों, बिजली संयंत्रों और बहुमंजिला इमारतों की ऊपरी मंजिलों से बचने की सलाह दी थी। इसके आलावा यात्रा से परहेज करते हुए सुरक्षित स्थानों पर रहने की बात कही गई थी। ये सारे कदम युद्ध के बीच भारतीयों की सुरक्षा के लिहाज से उठाए जा रहे हैं।





