Pakistan Afghanistan War: पिछले कई हफ्तों से पाकिस्तान-अफगानिस्तान युद्ध जारी है। इस जंग में अब तक दोनों तरफ के कई नागरिक मारे जा चुके हैं। ऐसे में दोनों देशों के बीच तनाव की स्थिति जब खराब हो गई, जब बीते दिनों पाकिस्तान ने अफगानिस्तान की राजधानी काबुल के एक रिहैब अस्पताल को निशाना बनाते हुए एयर स्ट्राइक की। इस हमले में लगभग 400 लोगों की जान गई। साथ ही 250 से अधिक लोग घायल हो गए। ऐसे में अफगान क्रिकेटर राशिद खान ने पाकिस्तान की जमकर आलोचना की। अब अफगान क्रिकेट टीम के एक अन्य स्टार खिलाड़ी अल्लाह गजनफर ने भी इस हमले की कड़ी आलोचना की।
Pakistan Afghanistan War के बीच क्रिकेटर का पाकिस्तान पर फूटा गुस्सा
‘News18’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अफगानिस्तान के स्पिनर अल्लाह गजनफर ने पाकिस्तान द्वारा की गई एयर स्ट्राइक पर भावुक संदेश जारी किया। साथ ही दोनों मुल्कों के मध्य जारी संघर्ष पर भी खुलकर बात की। इसके अलावा, उन्होंने भारत के लिए दिल छू लेने वाली बात कही। अफगान क्रिकेटर ने कहा, ‘वहां के लोगों के पास इलाज के लिए पैसे नहीं हैं और अब, उन्होंने उस जगह को भी निशाना बनाया है। उन्होंने उन लोगों को शहीद कर दिया है। यह अफगानिस्तान के लोगों को मंजूर नहीं है।’
आईपीएल यानी इंडियन प्रीमियर लीग में मुंबई इंडियंस के लिए खेल चुके प्लेयर ने पाकिस्तान के इस हमले की कड़ी निंदा की, साथ ही सैन्य हमलों के पीछे के मकसद पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आगे कहा, ‘मुझे नहीं पता कि वे क्या साबित करने की कोशिश कर रहे हैं। वे आते हैं और आम लोगों को निशाना बनाते हैं, और हम इसे बिल्कुल भी स्वीकार नहीं कर सकते। अफगानिस्तान इसे स्वीकार नहीं कर सकता। हर कोई अफगानिस्तान का इतिहास जानता है, अगर वह इतिहास दोहराया गया, तो यह पाकिस्तान के लिए बहुत बुरा होगा।’
पाकिस्तान-अफगानिस्तान युद्ध के बीच अफगान प्लेयर ने भारत को बताया अपना दोस्त
उधर, अफगानिस्तान के धांसू खिलाड़ी अल्लाह गजनफर ने भारत का जिक्र करते हुए इंडिया को अपना अच्छा दोस्त बताया। उन्होंने कहा, ‘भारत हमारा करीबी दोस्त है। हम उनके साथ जुड़ना चाहते हैं, इन मुद्दों पर बात करना चाहते हैं, ताकि इस तरह की चीजें न हों। दूसरे देशों से भी हमारी यही गुजारिश है। यह लोगों के लिए अच्छा नहीं है। इस समय, दुनिया कई चुनौतियों से गुजर रही है, और यह किसी के लिए भी अच्छा नहीं है।’
वहीं, अफगानिस्तान प्रशासन के मुताबिक, ‘पाकिस्तानी सैन्य शासन ने आज शाम लगभग 9:00 बजे ‘उमीद एडिक्शन ट्रीटमेंट हॉस्पिटल’ पर हवाई हमला किया। यह 2000 बिस्तरों वाला एक अस्पताल है, जो नशे की लत के इलाज के लिए समर्पित है। इस हमले के परिणामस्वरूप, अस्पताल का एक बड़ा हिस्सा तबाह हो गया है, और बड़ी संख्या में लोगों के हताहत होने की गंभीर आशंका है।’
