Rashid Khan: ‘इससे केवल फूट और…’, अफगान क्रिकेटर ने Pakistan को दिया श्राप! संयुक्त राष्ट्र और मानवाधिकार एजेंसियों से की खास अपील

Rashid Khan: अफगानिस्तान के क्रिकेटर राशिद खान ने मंगलवार को अपने एक्स पोस्ट के जरिए पाकिस्तान को निशाने पर लिया। साथ ही हवाई हमलों पर अफसोस प्रकट किया। पूर्व कप्तान ने संबंधित एजेंसियों से जरूरी कदम उठाने की अपील की।

Rashid Khan

Photo Credit: Google

Rashid Khan: बीते कई दिनों से अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में मंगलवार को दोनों मुल्कों के मध्य हालात बहुत खराब हो गए। पाकिस्तान ने अफगानिस्तान की राजधानी काबुल पर हवाई हमला किया, जिसमें एक रिहैब अस्पताल को निशाना बनाया गया। इसमें काफी आम लोगों की जान चली गई। ऐसे में अफगानिस्तान मेन्स क्रिकेट टीम के दिग्गज खिलाड़ी राशिद खान ने पाकिस्तान को जमकर भला-बुरा सुनाया। अफगान टीम के पूर्व कप्तान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स यानी ट्विटर पर पाकिस्तान को लेकर लंबा-चौड़ा पोस्ट लिखा और संयुक्त राष्ट्र और मानवाधिकार एजेंसियों से खास अपील भी की।

Rashid Khan ने पाकिस्तान को जमकर लताड़ा, इनसे की खास अपील

अफगानिस्तान मेन्स क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान राशिद खान ने कहा, ‘काबुल में पाकिस्तानी हवाई हमलों के कारण आम नागरिकों के हताहत होने की ताजा रिपोर्टों से मुझे गहरा दुख हुआ है। आम नागरिकों के घरों, शिक्षण संस्थानों या चिकित्सा सुविधाओं को निशाना बनाना, चाहे जान-बूझकर किया गया हो या गलती से एक युद्ध अपराध है। इंसानी जानों के प्रति इस तरह की घोर उपेक्षा, खासकर रमजान के पवित्र महीने में, बेहद घिनौनी और गहरी चिंता का विषय है। इससे केवल फूट और नफरत ही बढ़ेगी।’

उन्होंने आगे कहा, ‘मैं संयुक्त राष्ट्र और मानवाधिकारों के लिए काम करने वाली अन्य एजेंसियों से अपील करता हूं कि वे इस ताजा अत्याचार की गहन जांच करें और इसके दोषियों को जवाबदेह ठहराएं। इस मुश्किल घड़ी में मैं अपने अफगान लोगों के साथ खड़ा हूं। हम इस दुख से उबरेंगे, और एक राष्ट्र के रूप में फिर से उठ खड़े होंगे। हम हमेशा ऐसा ही करते आए हैं। इंशाअल्लाह!’

राशिद खान ने अपने लोगों के साथ खड़े रहने की जताई प्रतिबद्धता

वहीं, अफगानिस्तान के उप-सरकारी प्रवक्ता के अनुसार, पाकिस्तान ने मंगलवार को काबुल में हवाई हमले किए। इसमें रिहैब अस्पताल में अपना इलाज करवा रहे 400 लोगों की मौत हो गई। साथ ही लगभग 250 लोगों के घायल होने की जानकारी है। इस हवाई हमले में अस्पताल का एक हिस्सा बुरी तरह से तबाह हो गया।

सनद रहे कि अफगानिस्तान और पाकिस्तान के मध्य इस साल फरवरी से लड़ाई शुरू हुई थी। पाकिस्तान इस जंग को खुला युद्ध बता चुका है। जबकि अफगानिस्तान देश की संप्रभुता की रक्षा करने के लिए बराबरी से अपने पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान को जवाब दे रहा है। इन हालात में अफगान क्रिकेटर राशिद खान का ट्वीट और हमदर्दी वहां के लोगों के लिए थोड़ा दिली सुकून दे सकता है।

Exit mobile version