‘जिसकी ‘स्वयं’ की डिग्री फर्जी थी,’CM Yogi Adityanath ने पूर्ववर्ती सरकारों पर साधा निशाना, बोले- ‘अराजकता होती थी, पैसे का लेनदेन…’

CM Yogi Adityanath: यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लखनऊ में एक कार्यक्रम के दौरान पिछली सरकारों पर जमकर हमला बोला। साथ ही कहा कि किसी नौजवान के सपने का चकनाचूर होना, ये केवल उस युवा के साथ धोखा नहीं है।

CM Yogi Adityanath

Photo Credit: Google

CM Yogi Adityanath: उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ राज्य के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा कर रहे हैं। इसी कड़ी में रविवार को राजधानी लखनऊ में सीएम योगी ने यूपीएसएसएससी द्वारा नव चयनित कनिष्ठ विश्लेषकों (औषधि) तथा दंत स्वास्थ्य विज्ञानियों को नियुक्ति-पत्र वितरण के लिए आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने सूबे के युवाओं को खास संदेश देते हुए प्रदेश की पिछली सरकारों पर जोरदार हमला बोला।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने युवाओं को दिया खास संदेश

लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘किसी नौजवान के सपने का चकनाचूर होना, ये केवल उस युवा के साथ धोखा नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ी के भविष्य के साथ भी धोखा होता है। जिसकी ‘स्वयं’ की डिग्री फर्जी थी, वह आयोग का चेयरमैन बनकर सेलेक्शन कर रहा था, अराजकता होती थी, पैसे का लेनदेन होता था, भर्ती नहीं हो पाती थी, 9 वर्षों में काफी परिवर्तन हुआ है।’

उन्होंने आगे कहा, ‘यूपी में भर्ती की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की सेंध न लगे, इसके लिए सख्त कानून भी बनाया है। कोई भी ड्रग है, उसकी जांच करने के लिए हमारे पास हर मंडल स्तर पर एक लैब है। अब कोई जन स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ नहीं कर पाएगा। प्रत्येक खाद्य सामग्री जो जनता के लिए परोसी जाएगी, उसकी क्वॉलिटी को सुनिश्चित कर पाएंगे। यूपी का प्रोडक्शन देश के काम आएगा। जिसके नेतृत्व में भर्ती की प्रक्रिया पूरी हो रही है, वह आप ही के बीच में बैठा है, लेकिन आप उनको पहचानते नहीं हैं, यह है निष्पक्षता का उदाहरण।’

सीएम योगी आदित्यनाथ ने बताया क्या है यूपी सरकार की प्रतिबद्धता

भाजपा यानी भारतीय जनता पार्टी के सीनियर लीडर और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘प्रदेश के युवाओं को रोजगार के साथ ही उनकी दक्षता के अनुरूप अवसर प्रदान करना डबल इंजन सरकार की प्रतिबद्धता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मिशन रोजगार’ को विस्तार देते हुए आज लखनऊ में निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत यूपीएसएसएससी यानी उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग हेतु नव चयनित 357 कनिष्ठ विश्लेषकों (औषधि) तथा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के 252 दंत स्वास्थ्य विज्ञानियों को नियुक्ति-पत्र प्रदान किए। सभी अभ्यर्थियों को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं।’

Exit mobile version